Thursday, April 30, 2026

‘भूत बंगला’, वामिका गब्बी की पहली फिल्म है, जिसने 100 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया है.

Share

 वामिका गब्बी की हॉरर कॉमेडी ‘भूत बंगला’ में अक्षय कुमार के साथ लीड एक्ट्रेस के तौर पर नजर आई है. उनकी यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर 100 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर चुकी है और एक न्यू एक्ट्रेस के लिए इससे बड़ी खबर और कोई नहीं हो सकती. अक्षय कुमार और प्रियदर्शन के इस रीयूनियन प्रोजेक्ट ने अपने दूसरे सोमवार तक यह मील का पत्थर हासिल कर लिया, जिसके बाद वामिका ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर जाकर एक प्यारा सा नोट लिखा, जिसमें उन्होंने अपने फैंस और ‘भूत बंगला’ की टीम को धन्यवाद दिया.

मंगलवार, 28 अप्रैल को, वामिका ने इंस्टाग्राम पर ‘भूत बंगला’ के सेट से कास्ट और क्रू के साथ बीटीएस तस्वीरों की एक सीरीज शेयर की, और फिल्म की सफलता का जश्न मनाया. इस सीरीज को एक उन्होंने एक प्यारे से नोट के साथ जोड़ा, जिसमें उन्होंने डायरेक्टर, एक्टर समेत पूरी टीम का शुक्रियाअदा किया.

वामिका ने अपनी खुशी की असल वजह बताते हुए नोट की शुरुआत में लिखा है, ‘मेरी पहली 100 करोड़ की फिल्म. प्रियदर्शन, अक्षय कुमार, एकता कपूर और पूरी कास्ट और क्रू की आभारी हूं. यह शब्दों से परे है. इन्होंने इस फिल्म पर भरोसा किया और अपना सब कुछ दे दिया. ‘भूत बंगला’ जितनी हमारी है, उतनी ही आपकी भी है.’

दर्शकों का शुक्रियाअदा करते हुए एक्ट्रेस ने आगे लिखा है, ‘इसे देखने, इसे महसूस करने, और धीरे-धीरे इसके लिए… और मेरे लिए जगह बनाने के लिए दर्शकों का धन्यवाद. यहां का हर कदम कमाया हुआ, सीखा हुआ और दिल से महसूस किया हुआ है. यह तो बस शुरुआत है. मैं आती रहूंगी, आगे बढ़ती रहूंगी और आपका मनोरंजन करती रहूंगी, हमेशा.’

‘भूत बंगला’ के कलेक्शन के बारे में बात करें तो यह फिल्म 200 करोड़ के करीब पहुंच गई है. 28 अप्रैल को मेकर्स द्वारा शेयर किए गए आंकड़ों के अनुसार, ‘भूत बंगला’ ने दुनियाभर के बॉक्स ऑफिस पर 197.95 करोड़ रुपये का कलेक्शन कर लिया है. जल्द ही यह 200 करोड़ के क्लब में शामिल हो जाएगी.

वामिका ने अपने करियर की शुरुआत टीनएजर के तौर पर इम्तियाज अली की फिल्म ‘जब वी मेट’ से की थी, जिसमें उन्होंने करीना कपूर की कजिन का किरदार निभाया था. ‘लव आज कल’ और ‘मौसम’ जैसी फिल्मों में छोटे-मोटे रोल करने के बाद, उन्हें 2013 में आई फिल्म ‘सिक्सटीन’ में अपना पहला लीड रोल मिला. इसके बाद उन्होंने पंजाबी, तमिल और मलयालम सिनेमा में अपनी पहचान बनाई. आज वह हिंदी सिनेमा की जानी-मानी एक्ट्रेस बन चुकी हैं.

Read more

Local News