Friday, May 22, 2026

भारत सरकार के अपर महारजिस्ट्रार ने जनगणना को लेकर झारखंड में चल रही तैयारी की सराहना की.

Share

रांचीः भारत की जनगणना 2027 के प्रथम चरण के तहत चल रहे मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना कार्य को लेकर रांची जिला प्रशासन की तैयारियों और कार्य निष्पादन की केंद्रीय टीम ने सराहना की है.

गृह मंत्रालय, भारत सरकार के अपर महारजिस्ट्रार एवं जनगणना कार्य निदेशालय, झारखंड के निदेशक-सह-मुख्य प्रधान जनगणना पदाधिकारी सुनील कुमार ने कहा कि रांची जिला में जनगणना का कार्य प्रभावशाली, सुव्यवस्थित और निर्धारित मानकों के अनुरूप किया जा रहा है.

रांची दौरे के दौरान अपर महारजिस्ट्रार सुनील कुमार ने प्रधान जनगणना पदाधिकारी-सह-उपायुक्त रांची मंजूनाथ भजंत्री से मुलाकात की. इस दौरान उपायुक्त भजन्त्री ने उन्हें शॉल एवं मोमेंटो देकर सम्मानित किया. इस मौके पर जिला सांख्यिकी पदाधिकारी-सह-उप जिला जनगणना पदाधिकारी शेषनाथ बैठा समेत अन्य संबंधित अधिकारी भी मौजूद रहे.

Additional Registrar General of Government of India appreciated ongoing preparations for census in Jharkhand

केंद्रीय टीम ने 19 से 21 मई 2026 तक रांची जिला के विभिन्न क्षेत्रों का निरीक्षण किया. टीम ने विशेष रूप से ओरमांझी, नामकुम और कांके प्रखंड के सुदूर ग्रामीण इलाकों का दौरा कर वहां चल रहे जनगणना कार्यों का जायजा लिया. निरीक्षण के दौरान प्रगणकों द्वारा तैयार किए गए नजरी नक्शों का मिलान किया गया तथा कई तकनीकी और प्रक्रियात्मक बिंदुओं पर उनसे सवाल पूछे गए.

Additional Registrar General of Government of India appreciated ongoing preparations for census in Jharkhand

केंद्रीय टीम ने पाया कि प्रगणकों और पर्यवेक्षकों को बेहतर प्रशिक्षण दिया गया है, जिसके कारण वे जनगणना से जुड़े सवालों का तार्किक और संतोषजनक जवाब दे रहे हैं. टीम ने प्रशिक्षण व्यवस्था और कार्य निष्पादन के तरीके को लेकर संतोष व्यक्त किया. अपर महारजिस्ट्रार सुनील कुमार ने कहा कि रांची जिला में जनगणना 2027 के कार्यों का संचालन बेहतर समन्वय और गंभीरता के साथ किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन की कार्यशैली अन्य जिलों के लिए भी प्रेरणादायक साबित हो सकती है.

बता दें कि जनगणना देश की सबसे बड़ी प्रशासनिक और सांख्यिकीय प्रक्रिया मानी जाती है. जिसके आधार पर विकास योजनाओं, संसाधनों के वितरण और नीतिगत निर्णयों की रूपरेखा तैयार की जाती है. ऐसे में रांची जिला में इस कार्य को लेकर प्रशासन की सक्रियता और केंद्रीय टीम की सकारात्मक प्रतिक्रिया को महत्वपूर्ण माना जा रहा है.

Read more

Local News