टी20 वर्ल्ड कप 2026 का सबसे बड़ा मुकाबला भारत और पाकिस्तान के बीच 15 फरवरी को श्रीलंका के कोलंबो में खेला जाना है. इस मैच पर पहले राजनीतिक खतरा मंडरा रहा था जब पाकिस्तान के प्रधानमंत्री ने अपनी टीम को भारत के खिलाफ मैदान में उतरने से मना कर दिया था. लेकिन आईसीसी की कोशिशों के बाद पाकिस्तान ने अपना फैसला पलट दिया और भारत के खिलाफ मैच खेलने की अनुमति दे दी, और मैच प्लान के मुताबिक 15 फरवरी को ही होगा.
लेकिन अब इस मैच पर मौसम का खतरा मंडराने लगा है. श्रीलंका के मौसम विभाग ने 15 फरवरी को कोलंबो में बारिश की चेतावनी जारी की है. विभाग ने अपनी चेतावनी में कहा कि मैच के समय बंगाल की दक्षिण-पूर्वी खाड़ी के ऊपर एक लो-प्रेशर एरिया बनने की संभावना है. जिसने कोलंबो के ऊपर बारिश की संभावना को बढ़ा दिया है.
मौसम विभाग की इस चेतावनी से कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में रविवार को होने वाले भारत-पाकिस्तान ग्रुप A मैच पर बारिश का खतरा मंडरा रहा है. जिससे फैंस की चिंता बढ़ गई है.
IND vs PAK मैच की मौसम रिपोर्ट
Accuweather.com के अनुसार, कोलंबो में पूरे दिन लगभग 50 प्रतिशत बारिश की संभावना है. जिसके कारण कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में भारत बनाम पाकिस्तान मैच में रुकावट आ सकती है. बारिश की वजह से ग्राउंड स्टाफ का काम बढ़ जाएगा, और आउटफील्ड को मैच के लिए तैयार करने में टाइम भी लगेगा, जिससे ओवर की कटौती भी हो सकती है.
खास बात ये है कि श्रीलंका के ग्राउंड स्टाफ बारिश के समय पिच समेच पूरे ग्राउंड को तिरपाल से ढक देते हैं. जिसकी वजह से कम बारिश या हल्की बारिश मैदान को गीला नहीं कर पाती है और बारिश रुकने के कुछ समय बाद ही मैच दोबारा शुरू हो जाता है.
IND vs PAK मैच के लिए रिजर्व डे है?
टी20 वर्ल्ड कप 2026 के ग्रुप मैच में भारत बनाम पाकिस्तान मैच के लिए कोई रिजर्व डे नहीं है क्योंकि यह एक ग्रुप स्टेज गेम है. रिजर्व डे केवल टूर्नामेंट के सेमीफाइनल और फाइनल के लिए हैं. इसलिए, अगर मैच बारिश की वजह से रद्द हो जाता है, तो भारत और पाकिस्तान दोनों एक-एक पॉइंट शेयर करने होंगे.
IND-PAK का कोलंबो में प्रदर्शन
भारतीय टीम का कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में शानदार प्रदर्शन रहा है. 2009 से टीम इंडिया ने यहां पर 15 टी20 इंटरनेशनल मैच खेले हैं, जिनमें से 11 जीते हैं और सिर्फ चार हारे हैं. खास बात यह है कि मेजबान श्रीलंका के अलावा, सिर्फ ऑस्ट्रेलिया ही प्रेमदासा में इंडिया को हरा पाया है.
वहीं पाकिस्तान ने इस ग्राउंड पर कुल 7 मैच खेले हैं, जिसमें उसे 4 में जीत और 2 में हार का सामना करना पड़ा है. इस ग्राउंड पर अब तक भारत और पाकिस्तान एक बार ही आमने सामने आए हैं. जिसमें भारत जीत दर्ज करने में सफल रहा था.


