Monday, June 8, 2026

भारत दर्शन कार्यक्रम के तहत सात प्रशिक्षु आईएएस अधिकारियों ने धनबाद का दौरा किया.

Share

धनबादः भारत दर्शन कार्यक्रम के तहत देहरादून में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) 2025 बैच के सात प्रशिक्षु अधिकारियों ने सोमवार को धनबाद का दौरा किया.

इस दौरान उन्होंने जिला में संचालित विभिन्न विकास योजनाओं और संस्थानों का अवलोकन कर उनके कार्यों की जानकारी ली. अधिकारियों ने उपायुक्त आदित्य रंजन से भी मुलाकात कर जिले की प्रशासनिक एवं विकासात्मक गतिविधियों पर चर्चा की.

धनबाद प्रवास के दौरान प्रशिक्षु आईएएस अधिकारियों के दल ने सबसे पहले बाबूडीह स्थित मॉडल आंगनबाड़ी केंद्र का निरीक्षण किया. यहां उन्होंने बच्चों को दी जा रही सुविधाओं, पोषण कार्यक्रमों तथा प्रारंभिक शिक्षा से जुड़ी व्यवस्थाओं का जायजा लिया.

Several trainee IAS officers of 2025 batch visited Dhanbad district of Jharkhand

इसके बाद अधिकारियों ने सदर अस्पताल के पैट्रियोटिक वार्ड का भ्रमण कर स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी प्राप्त की. वहीं गोविंदपुर प्रखंड के गोटोप्पा में संचालित किसान उत्पादक संगठन (एफपीओ) का अवलोकन करते हुए कृषि क्षेत्र में किसानों को दिए जा रहे सहयोग और विपणन व्यवस्था को समझा.

इस दल ने गोविंदपुर स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय का भी दौरा किया, जहां छात्राओं को उपलब्ध कराई जा रही शैक्षणिक एवं आवासीय सुविधाओं की जानकारी ली. इसके अलावा कृषक पाठशाला पहुंचकर कृषि क्षेत्र में किए जा रहे नवाचारों और प्रशिक्षण कार्यक्रमों का अध्ययन किया.

Several trainee IAS officers of 2025 batch visited Dhanbad district of Jharkhand

धनबाद उपायुक्त आदित्य रंजन ने बताया कि भारत दर्शन कार्यक्रम के तहत प्रशिक्षु आईएएस अधिकारियों को देश के विभिन्न राज्यों और जिलों में संचालित सुशासन की पहल, विकास योजनाओं और प्रशासनिक कार्यप्रणाली से अवगत कराया जाता है. इसका उद्देश्य भावी प्रशासनिक अधिकारियों को जमीनी स्तर पर शासन व्यवस्था, संसाधन प्रबंधन, उद्योग, वाणिज्य, वित्तीय प्रणाली तथा आर्थिक गतिविधियों की व्यावहारिक समझ प्रदान करना है. इस मौके पर जिला खनन पदाधिकारी रितेश राज तिग्गा सहित डीएमएफटी पीएमयू टीम के सदस्य भी उपस्थित रहे.

Read more

Local News