भारत और न्यूजीलैंड टी20 वर्ल्ड कप से पहले आखिरी बार आज (31 जनवरी) को आमने सामने होंगे. क्योंकि पांच मैचों की टी20 सीरीज का पांचवां और आखिरी मैच आज तिरुवनंतपुरम के ग्रीनफील्ड स्टेडियम में खेला जाएगा. भारतीय समय के अनुसार ये मैच शाम सात बजे शुरू होगा. भारतीय टीम को चौथे मैच में 50 रनों से हार का सामना करना पड़ा था. इसलिए वो इस मैच को जीतकर वर्ल्ड कप में कदम रखना चाहेगी.
IND vs NZ 5th T20: सैमसन पर सबकी नजर
इस मैच में एक बार फिर सबकी नजरें अपने होमटाउन हीरो संजू सैमसन पर होंगी. जो पहली बार अपने होमटाउन ग्राउंड पर इंटरनेशनल मैच खेलेंगे. 31 वर्षीय संजू इस सीरीज में बड़ा स्कोर बनाने में अभी तक असफल रहे हैं. शुभमन गिल को टीम से बाहर किए जाने के बाद ओपनिंग की भूमिका में लौटे सैमसन ब्लैक कैप्स के खिलाफ चार पारियों में सिर्फ 40 रन ही बना पाए हैं. ये संजू के लिए भी वर्ल्ड कप में जाने पहले अपने फॉर्म में वापस आने का आखिरी मौका होगा.
IND vs NZ 5th T20: टीम इंडिया में बदलाव की संभावना
पहले तीन मैच जीतकर सीरीज जीतने के बाद, भारत ने चौथे मैच में एक्सपेरिमेंट किया और ईशान किशन की जगह एक अतिरिक्त गेंदबाज को खिलाया, लेकिन वो रणनीति काम नहीं आई और भारत 215 रन खान के बाद 165 रनों पर ऑलआउट हो गया. अब भारतीय टीम सीरीज को 4-1 के स्कोरलाइन के साथ खत्म करना चाहती है, इसलिए प्लेइंग इलेवन में कुछ बदलाव कर सकती है. पिछला मैच मिस करने के बाद ईशान किशन टीम में वापस आ सकते हैं, जबकि पिछले दो मैचों में आराम दिए जाने के बाद वरुण चक्रवर्ती भी वापसी कर सकते हैं.
ग्रीनफील्ड स्टेडियम में भारत का रिकॉर्ड
ग्रीनफील्ड स्टेडियम में भारत का रिकॉर्ड बहुत अच्छा है. उन्होंने इस मैदान पर खेले गए चार टी20 इंटरनेशनल मैचों में से तीन जीते हैं. इस स्टेडियम में पहली पारी का औसत स्कोर 155 है, जबकि सबसे बड़ा स्कोर 2023 में भारत ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ बनाया था, जब उन्होंने 20 ओवर में 235 रन बनाए थे.
IND vs NZ 5th T20: दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग-11
टीम इंडिया: अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), सूर्यकुमार यादव, ईशान किशन, रिंकू सिंह, अक्षर पटेल, शिवम दुबे, रवि बिश्नोई, वरुण चक्रवर्ती, अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह.
न्यूजीलैंड: फिन एलन, डेवोन कॉन्वे, टिम सीफर्ट, ग्लेन फिलिप्स, मार्क चैपमैन, डेरिल मिशेल, मिशेल सेंटनर, जिमी नीशम, ईश सोढ़ी, मैट हेनरी, जैकब डफी.


