मुंबई: भारतीय शेयर बाजार ने बुधवार को गिरावट के साथ कारोबार की शुरुआत की. बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 487 अंकों की कमजोरी के साथ 83,252 के स्तर पर खुला. वहीं, एनएसई का निफ्टी 50 भी 52 अंकों की गिरावट के साथ 25,675 पर कारोबार की शुरुआत करता दिखा.
वैश्विक बाजारों से मिले कमजोर संकेतों का असर घरेलू बाजार पर नजर आया. हालांकि भारत-अमेरिका ट्रेड डील को लेकर सकारात्मक उम्मीदें बनी हुई हैं और निवेशक समझौते के विस्तृत विवरण का इंतजार कर रहे हैं.
वैश्विक बाजारों का हाल
वॉल स्ट्रीट में टेक शेयरों में बिकवाली के चलते अमेरिकी बाजार रातोंरात गिरावट के साथ बंद हुए. इसका असर एशियाई बाजारों पर भी पड़ा, जहां बुधवार को मिलाजुला रुख देखने को मिला. जापान का निक्केई 225 करीब 1.2% गिरा, जबकि टॉपिक्स में 0.39% की कमजोरी रही. दक्षिण कोरिया का कोस्पी 0.4% चढ़ा और कोस्डैक में 1% से अधिक की तेजी दर्ज की गई. हांगकांग के हैंग सेंग फ्यूचर्स ने कमजोर शुरुआत के संकेत दिए.
गिफ्ट निफ्टी का संकेत
गिफ्ट निफ्टी 25,824 के आसपास कारोबार करता दिखा, जो पिछले बंद भाव से करीब 7 अंकों का प्रीमियम दर्शाता है. इससे भारतीय बाजार में सपाट शुरुआत के संकेत मिले.
अमेरिकी बाजारों में गिरावट
मंगलवार को अमेरिकी शेयर बाजारों में तेज गिरावट देखने को मिली. डॉऊ जोन्स 0.34% गिरकर 49,240 पर बंद हुआ. एसएंडपी 500 और नैस्डैक में भी कमजोरी रही.
टेक शेयरों में भारी बिकवाली देखी गई. एनवीडिया, माइक्रोसॉफ्ट, मेटा, अल्फाबेट और अमेज़न के शेयरों में 1% से 3% तक की गिरावट आई. कुछ सॉफ्टवेयर और टेक कंपनियों के शेयरों में 7% से 11% तक की तेज गिरावट दर्ज की गई.
भारत-अमेरिका ट्रेड डील पर अपडेट
केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने कहा है कि भारत-अमेरिका व्यापार समझौता अंतिम चरण में है. उन्होंने भरोसा जताया कि भारत को इस समझौते में अन्य देशों की तुलना में बेहतर शर्तें मिलेंगी.
भू-राजनीतिक तनाव बढ़ा
अमेरिका और ईरान के बीच तनाव बढ़ने की खबरें सामने आई हैं. अमेरिकी सेना ने अरब सागर में अपने विमानवाहक पोत की ओर बढ़ रहे एक ईरानी ड्रोन को मार गिराने की पुष्टि की है. इससे वैश्विक बाजारों में चिंता का माहौल बना हुआ है.
सोने और कच्चे तेल में तेजी
भू-राजनीतिक तनाव और सुरक्षित निवेश की मांग बढ़ने से सोने की कीमतों में लगातार दूसरे दिन उछाल आया. सोना 2% से ज्यादा चढ़कर 5,000 डॉलर प्रति औंस के पार पहुंच गया. वहीं कच्चे तेल की कीमतों में भी तेजी रही. ब्रेंट क्रूड 67 डॉलर प्रति बैरल के ऊपर और डब्ल्यूटीआई क्रूड करीब 64 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार करता दिखा.
बिटकॉइन में भारी गिरावट
क्रिप्टो बाजार में दबाव बना हुआ है. बिटकॉइन की कीमत करीब 7% गिरकर 72,877 डॉलर पर आ गई, जो पिछले कई महीनों का निचला स्तर है. साल की शुरुआत से अब तक बिटकॉइन करीब 13% टूट चुका है.


