Tuesday, July 7, 2026

भारतीय विदेश सेवा के अधिकारी मोहम्मद शाहिद आलम ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात कर झारखंड के विकास, निवेश और वैश्विक सहयोग पर विस्तृत चर्चा की।

Share

धनबाद। झारखंड की राजधानी रांची में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से भारतीय विदेश सेवा 2010 बैच के वरिष्ठ अधिकारी मोहम्मद शाहिद आलम ने शिष्टाचार मुलाकात की। इस उच्चस्तरीय मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री और आईएफएस अधिकारी के बीच झारखंड सरकार द्वारा संचालित प्रमुख विकासात्मक योजनाओं, राज्य में निवेश की संभावनाओं और आर्थिक विकास के रोडमैप पर विस्तृत चर्चा हुई।

राज्य के मुख्य सचिव अविनाश कुमार भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने राज्य के विकास लक्ष्यों को वैश्विक स्तर पर आगे बढ़ाने के लिए अंतरराष्ट्रीय साझेदारियों के महत्व पर विशेष बल दिया।

इस अवसर पर प्रवासन एवं गतिशीलता (माइग्रेशन एंड मोबिलिटी) पार्टनरशिप के माध्यम से झारखंड के कार्यबल को वैश्विक अवसर प्रदान करना, वन्यजीव पर्यटन के तहत राज्य की प्राकृतिक सुंदरता और वन्यजीवों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रमोट करना, युवाओं को वैश्विक मानकों के अनुरूप तैयार करने के लिए सहयोग और विदेशों में रह रहे झारखंड के लोगों को राज्य की प्रगति से जोड़ने पर विस्तृत चर्चा हुई।

झारखंड की वर्तमान शासन व्यवस्था और विकास यात्रा से जुड़े कई महत्वपूर्ण पहलुओं पर भी गंभीर विमर्श हुआ।

धनबाद की माटी के लाल मोहम्मद शाहिद आलम वर्तमान में लंदन स्थित भारत के उच्चायोग में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। इन दिनों भारतीय विदेश सेवा के मध्यावधि प्रशिक्षण कार्यक्रम (मिड करियर ट्रेनिंग प्रोग्राम) के तहत झारखंड प्रवास पर हैं। इसी सिलसिले में उन्होंने मुख्यमंत्री से मुलाकात कर राज्य के विकास में विदेश सेवा के अनुभवों को साझा किया।

गैंग्स ऑफ वासेपुर की छवि बदली, भूली से शुरू हुआ था सफर

मोहम्मद शाहिद आलम मूल रूप से धनबाद के वासेपुर (रहमतगंज) के रहने वाले हैं। यह वही वासेपुर है जिसे फिल्म निर्माता अनुराग कश्यप ने अपनी फिल्म गैंग्स ऑफ वासेपुर में दिखाया था, लेकिन शाहिद आलम जैसे अधिकारियों ने अपनी प्रतिभा से इस क्षेत्र की एक नई और सकारात्मक पहचान दुनिया के सामने रखी है।

प्रारंभिक शिक्षा इंडियन स्कूल ऑफ लर्निंग भूली (धनबाद) से हुई। 2010 में नई दिल्ली में आईएफएस अधिकारी के रूप में प्रशिक्षण पूरा किया। 2012-14 के दौरान मिस्र (कैरो) में भारतीय दूतावास में तैनाती के समय अरबी भाषा का विशेष प्रशिक्षण लिया।

2014 से 2015 तक भारतीय दूतावास अबू धाबी में सेकंड सेक्रेटरी के रूप में कार्य किया। इसके बाद हज काउंसिल चुने गए। जेद्दा सऊदी अरब के काउंसिल जनरल ऑफ इंडिया का महत्वपूर्ण पदभार भी संभाल चुके हैं।

इसके अलावा डिप्टी काउंसिल जनरल, मक्का में हज काउंसिल और विदेश मंत्रालय नई दिल्ली में अपनी सेवाएं दे चुके हैं।

हमारी प्राथमिकता भारत की छवि को विश्वपटल पर बेहतर तरीके से पेश करना है और अपने गृह राज्य झारखंड के विकास में हर संभव वैश्विक सहयोग सुनिश्चित करना है। – मोहम्मद शाहिद आलम, आईएफएस अधिकारी

Read more

Local News