उत्तराखंड की क्वीन ऑफ हिल्स मसूरी एक बार फिर हाई-प्रोफाइल शादियों का केंद्र बनने जा रही है. भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार स्पिनर कुलदीप यादव 14 मार्च को मसूरी के ऐतिहासिक द वेलकम सवाय होटल में अपनी बचपन की दोस्त वंशिका के साथ सात फेरे लेंगे.
इस हाई-प्रोफाइल शादी के लिए 13 और 14 मार्च को होटल के सभी कमरे बुक कर दिए गए हैं, जिससे मसूरी एक बार फिर वीआईपी वेडिंग डेस्टिनेशन के रूप में सुर्खियों में है. सूत्रों के मुताबिक शादी समारोह के लिए मेहमानों के ठहरने की व्यवस्था मसूरी के जेडब्ल्यू मैरियट और मसूरी वॉलनट ग्रोव रिसॉर्ट में भी की गई है. 15 मार्च को मेहमानों के वापस लौटने की संभावना है.
क्रिकेट और ग्लैमर जगत के सितारे होंगे शामिल: शादी समारोह में क्रिकेट और खेल जगत की कई बड़ी हस्तियों के पहुंचने की संभावना है. इनमें आईसीसी चेयरमैन जय शाह, भारतीय टी-20 टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव सहित टीम इंडिया के अन्य खिलाड़ी शामिल हो सकते हैं. बताया जा रहा है कि शादी के बाद 17 मार्च को लखनऊ के एक होटल में भव्य रिसेप्शन आयोजित किया जाएगा, जिसमें क्रिकेट, राजनीति, बॉलीवुड और बीसीसीआई से जुड़े कई दिग्गज शामिल हो सकते हैं.
बचपन की दोस्ती से प्यार तक का सफर: कानपुर के श्याम नगर निवासी वंशिका एलआईसी में कार्यरत हैं. वंशिका और कुलदीप यादव एक-दूसरे को बचपन से जानते हैं और लंबे समय से दोनों के बीच गहरी दोस्ती रही है. समय के साथ यह दोस्ती प्यार में बदल गई. हाल ही में परिवार की मौजूदगी में दोनों ने सगाई कर अपने रिश्ते को नया नाम दिया. सगाई समारोह में क्रिकेट जगत के कई खिलाड़ी मौजूद रहे, जिनमें भारतीय बल्लेबाज रिकू सिंह भी शामिल थे.
वीआईपी शादियों का पसंदीदा बनता जा रहा मसूरी: पिछले कुछ वर्षों में मसूरी देश-विदेश के वीआईपी और सेलिब्रिटी विवाह समारोहों का पसंदीदा स्थल बनता जा रहा है. प्राकृतिक सुंदरता, ठंडा मौसम, लग्जरी होटल और बेहतर सुरक्षा व्यवस्था के कारण बड़े आयोजनों के लिए लोग मसूरी को प्राथमिकता दे रहे हैं. विशेषकर द वेलकम सवाय होटल, जेडब्लू मैरियट और मसूरी वालनेट ग्रोव रिसोर्ट जैसे प्रतिष्ठित होटल हाई-प्रोफाइल शादियों के लिए पहली पसंद बनते जा रहे हैं. क्रिकेटर कुलदीप यादव की शादी भी इसी कड़ी का हिस्सा है, जो एक बार फिर मसूरी को राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा में ला रही है. पर्यटन कारोबार से जुड़े लोगों का मानना है कि इस तरह के आयोजनों से मसूरी की पहचान एक प्रीमियम वेडिंग डेस्टिनेशन के रूप में और मजबूत होगी.


