Thursday, March 19, 2026

भाजपा ने सीएम हेमंत सोरेन पर निशाना साधा है, मामला सीएम के बयान से जुड़ा है.

Share

रांचीः मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के द्वारा बजट सत्र के आखिरी दिन सदन में संबोधन के दौरान केंद्र की भाजपा सरकार पर निशाना साधने के बहाने हिन्दू पूजा पद्धति पर की गई टिप्पणी पर सियासत गर्म हो गई है. प्रमुख विपक्षी दल भाजपा ने इस पर आपत्ति जताते हुए इस बयान की निंदा की है.

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और सांसद आदित्य साहू ने मुख्यमंत्री के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि हजारों वर्षों से सनातन संस्कृति विरोधियों ने हमले किए, लेकिन उसे मिटाने में सफल नहीं हो सके. सनातन संस्कृति अक्षुण्ण है और लगातार मजबूत हो रही है. उन्होंने कहा कि भारत साधु-संतों, मठ-मंदिरों, यज्ञ-हवन, पूजा विधानों का देश है. जिसपर गुलामी के दौर में भी राष्ट्रविरोधी ताकतों ने हमले किए और आजादी के बाद अब कांग्रेस पार्टी और उसके सहयोगी दलों ने इसकी जिम्मेवारी ले ली है.

राहुल गांधी के नक्शे कदम पर चल रहे हैं हेमंतः आदित्य साहू

उन्होंने कहा कि जवाहर लाल नेहरू से लेकर इंदिरा गांधी, सोनिया गांधी और राहुल गांधी ने सनातन को गाली देने में कोई कसर नहीं छोड़ी. राम के अस्तित्व को नकार दिया, भगवा आतंक का नारा गढ़ा, त्रिशूल को आतंकवाद से जोड़ा. उन्होंने कहा कि सत्ता लोलुपता और तुष्टीकरण के कारण कांग्रेस ने सारी मर्यादा लांघ दी, लेकिन दुर्भाग्यजनक स्थिति यह है कि झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन भी अब राहुल गांधी के नक्शे कदम पर चल रहे हैं.

आदित्य साहू ने कहा, कल विधानसभा में बजट सत्र के अंतिम दिन हेमंत सोरेन ने जिस प्रकार हिन्दू देवी-देवताओं का मजाक उड़ाया, पूजा पद्धति का उपहास उड़ाया वह अत्यंत निंदनीय और दुर्भाग्यपूर्ण है. उन्होंने कहा कि राज्य सत्ता की अपनी संवैधानिक मर्यादाएं हैं. किसी भी धर्म, संप्रदाय का उपहास उड़ाना सत्ता को शोभा नहीं देता. उन्होंने कहा कि भारत की सनातन परंपरा विश्व के लिए अनुकरणीय है दुनिया आज उसका अनुसरण कर रही है.

“तुष्टीकरण की राजनीति ने हेमंत को बनाया दोहरा चरित्र का नेता”

उन्होंने कहा कि भोगवादी संस्कृति और पूंजीवादी व्यवस्था से ऊबे लोग भारत की सांस्कृतिक विरासत का अनुसरण कर रहे हैं. स्वयं मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन भी समय-समय पर सपरिवार पूजा-पाठ करते हैं, लेकिन वोट बैंक और तुष्टीकरण की मानसिकता, सत्ता की लालच ने उन्हें दोहरा चरित्र का नेता बना दिया और उनकी भाषा बदल दी. उन्होंने कहा कि हिम्मत है तो मुख्यमंत्री अन्य धर्मों की मान्यताओं, उनके पूजा पद्धतियों को अपमानित करके देख लें, उनका मखौल उड़ा कर देख लें.उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन अपने बयान को लेकर हिंदू समाज से क्षमा याचना करें, अन्यथा हिन्दू समाज का प्रतिकार झेलने को तैयार रहना चाहिए़.

Read more

Local News