आदित्यपुर स्थित वार्ड संख्या 2, श्रीडूंगरी में भाजपा के दिवंगत नेता साधु चरण महतो की पांचवीं पुण्यतिथि पर आयोजित श्रद्धांजलि सभा में भाजपा के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष आदित्य साहू शामिल हुए. इस दौरान मीडिया से बातचीत के क्रम में उन्होंने घाटशिला उपचुनाव परिणाम को लेकर बड़ा बयान दिया है.
भाजपा के वरिष्ठ नेता आदित्य साहू ने कहा कि घाटशिला की जनता को एक बार फिर धोखा मिला है और आने वाले समय में जनता को इसका पश्चाताप भी होगा. भाजपा के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष आदित्य साहू ने कहा कि उपचुनाव के शुरुआती दौर में माहौल भाजपा के पक्ष में था, लेकिन चुनाव प्रचार थमने के 36 घंटे बाद प्रशासनिक और सरकारी तंत्र का खुला दुरुपयोग हुआ.
घाटशिला उपचुनाव में हार की बताई ये वजह
उन्होंने कहा कि एक ओर भाजपा समर्थकों को क्षेत्र से बाहर जाने के निर्देश दिए गए, वहीं दूसरी ओर बाहरी लोगों को बुलाकर सत्ता पक्ष ने सरकारी अधिकारियों की मदद से चुनाव को प्रभावित किया. उन्होंने कहा कि धनबल, बाहुबल और प्रशासनिक दखलअंदाजी ने जनादेश को गलत दिशा में ले जाने का काम किया. आदित्य साहू ने कहा कि हार के बावजूद भाजपा कार्यकर्ता सच्चे सिपाही की तरह जनता के बीच सक्रिय रहेंगे और पार्टी की नीतियों को घर-घर पहुंचाते रहेंगे. उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले चुनावों में जनता सच्चाई को समझेगी और सही निर्णय लेगी.
बिहार चुनाव परिणाम पर दी प्रतिक्रिया
वहीं बिहार विधानसभा चुनाव में एनडीए की मिली प्रचंड जीत पर प्रतिक्रिया देते हुए आदित्य साहू ने कहा कि बिहार की जनता ने जात-पात से ऊपर उठकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नीतीश कुमार के विकास के मॉडल को चुना है. उन्होंने इसे देश की राजनीति में सकारात्मक संदेश बताया.
साधु चरण महतो को दी श्रद्धांजलि
श्रद्धांजलि सभा में जिला अध्यक्ष उदय प्रताप सिंह देव, जमशेदपुर सांसद विद्युत वरण महतो सहित बड़ी संख्या में भाजपा नेता और कार्यकर्ता उपस्थित थे. कार्यक्रम में आदित्य साहू ने साधु चरण महतो की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी.


