भागलपुर के सन्हौला में धनरोपनी कर रही एक युवती की जिंदगी आसमान से गिरी बिजली ने छीन ली। यहां वज्रपात से एक की मौत के साथ ही तीन महिलाएं जख्मी भी हुई हैं। घायलों का इलाज स्वजनों द्वारा निजी क्लिनिक में कराया जा रहा है जहां सभी खतरे से बाहर बताई गई हैं।
महेशपुर विन्द टोला बहियार स्थित हसमदा पोखर के निकट सोमवार को धान रोपनी के दौरान वज्रपात की चपेट में आने से एक युवती की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन महिला मजदूर घायल हो गईं। सभी घायलों का इलाज स्वजनों द्वारा निजी क्लिनिक में कराया जा रहा है, जहां सभी को खतरे से बाहर बताया गया है। मृतका की पहचान महेशपुर विन्दटोला गांव निवासी नंदलाल महतो की पुत्री क्रांति कुमारी (23) के रूप में हुई है। घायलों में महेशपुर विन्दटोला निवासी विंदेश्वरी महतो की पुत्री सरस्वती कुमारी (17), महेशपुर निवासी सुरेंद्र दास की पत्नी मीना देवी (50) और योगेंद्र दास की पत्नी पिंकी देवी (35) शामिल हैं।
ग्रामीणों ने बताया कि दोपहर लगभग दो बजे मुसलाधार बारिश के दौरान महेशपुर विन्दटोला बहियार के हसमदा पोखर के निकट अचानक वज्रपात हुआ। उस समय क्रांति अपने खेत पर अन्य महिलाओं के साथ रोपनी का कार्य करवा रही थी। वज्रपात के समय वहां क्रांति सहित चार महिलाएं मौजूद थीं, जो सभी खेत में गिर पड़ीं। आस-पास के खेतों में काम कर रहे मजदूरों ने घटना की सूचना स्वजनों को दी। स्वजन तुरंत क्रांति को उठाकर सन्हौला अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। जबकि घायल तीनों महिलाओं की स्थिति इलाज के बाद खतरे से बाहर बताई जा रही है।
घटना की सूचना पर सन्हौला थानाध्यक्ष चंदन कुमार सन्हौला अस्पताल पहुंचे और शव को जब्त कर थाना लाए। थानाध्यक्ष ने बताया कि शव को आवश्यक प्रक्रिया के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाएगा। मृतिका के पिता नंदलाल महतो और माता मोखवा देवी थाना परिसर में बेसुध दिखे। पिता ने सिसकती आवाज में बताया कि क्रांति पांच भाई-बहनों में सबसे छोटी और होनहार थी। वह स्नातक के साथ बीएससी नर्सिंग की तैयारी कर रही थी। परिवार को उससे काफी उम्मीदें थीं, उन्होंने एक बेटी नहीं, बल्कि बेटा खो दिया है। स्वजनों का रोते-रोते बुरा हाल है, गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है।
गंगा स्नान के दौरान डूबा किशोर, मौत
नाथनगर सावन की तीसरी सोमवारी को शंकरपुर पंचायत के दारापुर घाट पर स्नान करने के दौरान एक किशोर की मौत हो गई। उसकी पहचान मोजाहिदपुर थाना क्षेत्र के अलीगंज चौक निवासी पिता मनोज साह के पुत्र राजदीप कुमार (16) के रूप में हुई है। वह 11वीं कक्षा का छात्र था। दोस्तों के साथ वह स्नान करने घाट गया था।
घटना की जानकारी पर मास्टर ट्रेनर तैराक ब्रजेश कुमार टीम के साथ मौके पर पहुंचे। लगभग दो घंटे के प्रयास के बाद शव को गंगा से बाहर निकाला गया। लोगों ने बताया कि राजदीप गहरे पानी में चला गया था और तैरना नहीं जानता था। मामले में नाथनगर इंस्पेक्टर राजीव रंजन सिंह ने बताया कि स्वजन ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया है। वे उसका शव लेकर घर गए।


