Saturday, August 29, 2026

ब्रह्मकुमारी बहनों ने SSB जवानों के साथ मनाया रक्षाबंधन, कमांडेंट को बांधा रक्षा सूत्र.

Share

लातेहार: रक्षाबंधन के अवसर पर लातेहार के धर्मपुर (गिजनियाटांड़) स्थित प्रजापिता ब्रह्मकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय की उपशाखा की बहनों ने शुक्रवार को SSB की 32वीं बटालियन के कार्यालय पहुंचकर अधिकारियों और जवानों को राखी बांधी। इस दौरान जवानों के साथ रक्षाबंधन का पर्व मनाया गया।

केंद्र की संचालिका बीके अमरमणी ने बटालियन के कमांडेंट राजेश सिंह की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधा। उन्होंने कमांडेंट के स्वस्थ, सुरक्षित और सुखी जीवन की कामना करते हुए उन्हें उपहार भी प्रदान किया। इसके बाद अन्य अधिकारियों और जवानों को भी राखी बांधी गई।

मौके पर बीके अमरमणी ने कहा कि सुरक्षा बलों के जवान देश की रक्षा के साथ जरूरत के समय आम लोगों की मदद के लिए भी तत्पर रहते हैं। ऐसे समर्पित जवानों की कलाई पर राखी बांधना उनके लिए सम्मान और खुशी का अवसर है।

कमांडेंट राजेश सिंह ने कहा कि SSB के अधिकारी और जवान देश की सुरक्षा तथा नागरिकों की सेवा के लिए पूरी जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हैं। उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन पर बहनों का स्नेह और आशीर्वाद जवानों के उत्साह को बढ़ाता है तथा उन्हें अपने दायित्वों को और बेहतर ढंग से निभाने की प्रेरणा देता है।

कार्यक्रम के दौरान भाई-बहन के स्नेह और सुरक्षा के प्रतीक रक्षाबंधन को देश सेवा के भाव से जोड़ा गया। इस अवसर पर सुरक्षा बलों के प्रति सम्मान और सामाजिक जुड़ाव का संदेश भी दिया गया।

Read more

Local News