Saturday, August 1, 2026

बोर्ड और निगमों के पुनर्गठन को लेकर कांग्रेस सक्रिय, 4 अगस्त को होगी चयन समिति की बैठक.

Share

रांची: झारखंड में विभिन्न बोर्ड, निगम और आयोगों में रिक्त पदों को भरने की प्रक्रिया को लेकर कांग्रेस ने अपनी गतिविधियां तेज कर दी हैं। पार्टी ने अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और सदस्य पदों के लिए संभावित नामों पर विचार करने हेतु 4 अगस्त को प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में अहम बैठक बुलाई है।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश के नेतृत्व में 14 सदस्यीय समिति का गठन किया गया है। इस समिति में विधायक दल के नेता प्रदीप यादव, उपनेता राजेश कच्छप, पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्षों और पूर्व कार्यकारी अध्यक्षों को शामिल किया गया है। समिति का उद्देश्य योग्य, सक्रिय और संगठन के प्रति समर्पित कार्यकर्ताओं के नामों पर चर्चा कर अंतिम सूची तैयार करना है।

योग्य कार्यकर्ताओं के चयन पर रहेगा फोकस

कांग्रेस के मीडिया विभाग के चेयरमैन सतीश पॉल मुंजनी ने बताया कि बैठक में विभिन्न बोर्ड, निगम और आयोगों में रिक्त पदों के लिए संभावित उम्मीदवारों पर विचार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि चयन प्रक्रिया में संगठन के प्रति योगदान और अनुभव को प्राथमिकता दी जाएगी।

भाजपा ने साधा निशाना

कांग्रेस की इस पहल पर भारतीय जनता पार्टी ने प्रतिक्रिया देते हुए आरोप लगाया कि पार्टी सत्ता से जुड़े पदों को लेकर अधिक उत्साहित दिखाई दे रही है। भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता अविनेश कुमार सिंह ने कहा कि कांग्रेस को जनहित के मुद्दों पर अधिक ध्यान देना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि राज्य के बोर्ड और निगमों का पुनर्गठन जल्द होना चाहिए, लेकिन प्रक्रिया पारदर्शी और योग्यता आधारित होनी चाहिए।

झामुमो ने भी दिया संकेत

वहीं, झामुमो की ओर से कहा गया कि पार्टी नेतृत्व के स्तर पर बोर्ड, निगम और आयोगों के पुनर्गठन को लेकर विचार-विमर्श जारी है। पार्टी का प्रयास है कि आगामी महीनों में रिक्त पदों पर नियुक्तियों की प्रक्रिया पूरी कर ली जाए, ताकि संबंधित संस्थाएं नियमित रूप से अपना कार्य कर सकें।

राज्य में लंबे समय से कई बोर्ड, निगम और आयोगों के पद खाली हैं। ऐसे में राजनीतिक दलों की सक्रियता के बीच इन संस्थाओं के पुनर्गठन की प्रक्रिया पर सभी की नजर बनी हुई है।

Read more

Local News