बोकारो: जिले में डीपीएलआर के द्वारा भ्रष्टाचार के खिलाफ विस्थापित नौजवान संघर्ष मोर्चा के बैनर तले विस्थापितों ने बोकारो डीसी का पुतला बनाकर शव यात्रा निकाली, लेकिन पुलिस ने उन्हें रोक दिया. पूर्व से घोषित कार्यक्रम के तहत निर्धारित विस्थापित बोकारो हवाई अड्डा के समीप भारी संख्या में लोग पहुंचे और शव यात्रा की तैयारी करने लगे. शव यात्रा निकालते तभी मजिस्ट्रेट के नेतृत्व में दलबल के साथ आए पुलिस के द्वारा यात्रा को रोक दिया गया.
विस्थापित नेता अरूण कुमार महतो का आरोप है कि डीपीएलआर भ्रष्टाचार का अड्डा बन गया है. जहां अधिकारी के द्वारा नियम विरूद्ध पर्चा काटा जा रहा है. उन्होंने कहा कि सहायक कर्मचारियों के द्वारा पुनर्वासित भूमि को लूटने का काम किया जा रहा है. जिसका विरोध शुक्रवार को डीसी का पुतला बनाकर शव यात्रा का कार्यक्रम रखा था. विस्थापित नेता ने कहा कि प्रशासन के द्वारा शव यात्रा को रोक कर हमारे लोकतांत्रिक अधिकारों को भी छीना जा रहा है.
विस्थापितों का कहना है कि अगर उपायुक्त डीपीएलआर के भ्रष्टाचार के खिलाफ गंभीर नहीं होते हैं और संज्ञान नहीं लेते हैं तो आने वाले समय में फिर से शव यात्रा निकालकर भोज कार्यक्रम भी किया जाएगा. वहीं प्रतिनियुक्त मजिस्ट्रेट सेवा राम साहू ने कहा कि विस्थापितों के द्वारा शव यात्रा कार्यक्रम में डीसी का पुतला बनाकर लाया गया था. जिसे जब्त कर लिया गया है. उन्होंने कहा कि विस्थापितों की जो भी मांग है, उसे उपायुक्त के सामने रखने का काम किया जाएगा. हालांकि प्रतिनियुक्त मजिस्ट्रेट मामले को लेकर ज्यादा कुछ भी बोलने से बचते नजर आए.


