बोकारो: राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने 10 जून को रांची से नशा मुक्ति अभियान की शुरुआत की थी. इसको लेकर जिला प्रशासन और पुलिस के द्वारा थाना, स्कूल सहित कई जगहों पर इसको लेकर अभियान चलाया गया. इस अभियान का आज समापन बोकारो जिला प्रशासन के द्वारा किया गया है.
गरगा पुल के पास से धर्मशाला मोड़ तक एक जागरूकता रैली आयोजित की गई थी, जिसमें स्कूली बच्चों, अधिकारियों और विभिन्न विभागों के कर्मचारियों ने भाग लिया. मुख्यमंत्री के द्वारा चलाए गए इस अभियान का असर छात्रों में भी पड़ा है. इस अभियान की छात्रों ने तारीफ करते हुए मुख्यमंत्री को सैल्यूट किया है.
छात्रों का कहना है कि नशा एक घर परिवार और एक युवा के लिए काफी खतरनाक है, क्योंकि परिवार के साथ देश का भविष्य भी बर्बाद होता है. छात्रों ने लोगों को संदेश दिया, जिसमें “नशे को ना जिंदगी को हां” जैसे स्लोगन लिखा गया था.
इस अभियान को लेकर बोकारो डीसी और एसपी ने कहा कि आज इस अभियान का समापन नहीं बल्कि ठहराव हो रहा है. यह अभियान लगातार जारी रहेगा. नशे के खिलाफ कार्रवाई होती रहेगी. हमें नशा से युवा पीढ़ी को बचाना है, क्योंकि युवा देश के भविष्य हैं. अगर युवा भटकाव की ओर जाएंगे तो हमारे देश और राज्य में इसका असर पड़ेगा.


