बोकारो: जिले में कल्याण विभाग की विभिन्न योजनाओं की प्रगति को लेकर उपायुक्त अजय नाथ झा ने समीक्षा बैठक की। बैठक में मुख्यमंत्री नि:शुल्क साइकिल वितरण योजना, प्री और पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति, कल्याण विभाग के छात्रावासों की स्थिति, अल्पसंख्यक छात्रावास निर्माण सहित कई योजनाओं की वर्तमान स्थिति पर चर्चा की गई।
साइकिल वितरण योजना की समीक्षा के दौरान जिला कल्याण पदाधिकारी ने जानकारी दी कि अब तक जिले में 9,010 साइकिलों का वितरण किया जा चुका है। इस पर उपायुक्त ने शेष लाभुकों के बीच साइकिल वितरण की प्रक्रिया को एक सप्ताह के अंदर पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने अधिकारियों को वितरण कार्य की लगातार निगरानी करने को भी कहा।
उपायुक्त ने कल्याण विभाग के अंतर्गत संचालित छात्रावासों की स्थिति की जांच के लिए एक टीम गठित करने का निर्देश उप विकास आयुक्त को दिया। उन्होंने कहा कि टीम सभी छात्रावासों का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध सुविधाओं, पहले कराए गए मरम्मत कार्य, वर्तमान जरूरतों और अन्य व्यवस्थाओं की विस्तृत रिपोर्ट तैयार करेगी। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में उपायुक्त ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की सभी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक समय पर पहुंचना चाहिए। इसके लिए योजनाओं का क्रियान्वयन तय लक्ष्य और समय सीमा के अनुसार सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने अल्पसंख्यक छात्रावास निर्माण से संबंधित प्रस्ताव को जल्द राज्य मुख्यालय भेजने का निर्देश दिया। साथ ही स्कूलों में विद्यार्थियों को दी जाने वाली साइकिलों का रिकॉर्ड व्यवस्थित रखने, लाभुकों की जानकारी दर्ज करने, वितरण के दौरान फोटो सुरक्षित रखने और सभी दस्तावेजों को अपडेट रखने के निर्देश दिए।
बैठक में उप विकास आयुक्त शताब्दी मजूमदार, जिला कल्याण पदाधिकारी सुचिता किरण, जिला शिक्षा पदाधिकारी प्रवीण रंजन, जिला शिक्षा अधीक्षक अतुल कुमार चौबे, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार सिंह समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
