भारतीय सिनेमा की खूबसूरत एक्ट्रेस अदिति राव हैदरी ने आज, 16 नवंबर को अपने फैंस के लिए बयान जारी किया है. इस बयान को देख सभी के होश उड़ गए हैं. उन्होंने अपने बयान में जालसाजी के बारे में बात करते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है.
रविवार को अदिति राव हैदरी ने एक बयान जारी कर खुलासा किया है कि कोई व्यक्ति व्हाट्सएप पर उनकी पहचान का इस्तेमाल कर रहा है और उनकी तस्वीरों का इस्तेमाल करके फोटोग्राफरों से फर्जी फोटोशूट के अनुरोध कर रहा है.
अदिति ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक बयान जारी किया, जिसमें उन्होंने ऑनलाइन जालसाजों के बारे में विस्तृत से बताया. उन्होंने अपने चाहने वालों को बताया, ‘सभी को हेलो, मैं एक बात बताना चाहता था जो आज कुछ लोगों ने मेरे ध्यान में लाई. कोई व्यक्ति व्हाट्सएप पर मेरा रूप धारण करके मेरी तस्वीरों का इस्तेमाल कर रहा है और फोटोग्राफरों को ‘फोटोशूट’ के बारे में मैसेज कर रहा है.’
उन्होंने आगे बताया कि जो शख्स मैसेज कर रहा है, वो शख्स वो नहीं है. उन्होंने बयान में आगे लिखा है, ‘यह मैं नहीं हूं. मैं इस तरह संपर्क नहीं करती और मैं काम के लिए किसी पर्सनल नंबर का इस्तेमाल नहीं करती. हर बात हमेशा मेरी टीम के जरिए होती है.’
लोगों से सावधान रहने का आग्रह करते हुए अदिति आखिरी में लिखती हैं, ‘कृपया सावधान रहें और उस नंबर से बात न करें. अगर आपको कुछ भी अजीब लगे, तो मेरी टीम को जरूर बताएं. उन सभी का शुक्रिया जो मेरा साथ देते हैं और इतने प्रोटेक्टिव और और दयालु हैं.’
लोगों से जुड़ने के लिए अदिति ने एक इंस्टाग्राम अकाउंट भी साझा किया है. कुछ अजीब लगने पर लोग @arhconnect पर संपर्क कर सकते हैं. इस पोस्ट को साझा करते हुए एक्ट्रेस ने कैप्शन में लिखा है, ‘यदि आपको इस नंबर से कोई मैसेज मिले तो प्लीज @arhconnect पर मैसेज भेजें.’
काम की बात करें तो अदिति को पिछली बार संजय लीला भंसाली की निर्देशित 2024 की सीरीज ‘हीरामंडी: द डायमंड बाजार’ में देखा गया था. इस सीरीज में उन्होंने बिब्बोजान की भूमिका निभाई थी. कलाकारों की टोली में मनीषा कोइराला, सोनाक्षी सिन्हा, ऋचा चड्ढा, संजीदा शेख, शर्मिन सहगल और ताहा शाह बदुशा भी शामिल थे.


