उद्योग विभाग मुख्यमंत्री उद्यमी योजना के तहत सफल उद्यमियों के लिए मार्केटिंग प्लेटफॉर्म तलाश रहा है। बेतिया के उद्यमियों ने ठंड के कपड़े बनाकर सीधे कश्मीर के थोक व्यापारियों से संबंध स्थापित किए हैं, जो गुणवत्ता और कीमत के कारण लोकप्रिय हैं। कैमूर के उद्यमी थ्रीडी पेंटिंग्स बना रहे हैं, जिन्हें अब सरकारी आयोजनों में मोमेंटो के रूप में खरीदा जा रहा है। मिलेट स्नैक्स भी लोकप्रिय हो रहे हैं, और विभाग ऑनलाइन बिक्री में मदद कर रहा है।
पटना। उद्योग विभाग ने मुख्यमंत्री उद्यमी योजना के तहत मिली राशि से अपना उद्यम शुरू करने वाले उद्यमियों के लिए मार्केटिंग प्लेटफार्म तलाश रहा। इस क्रम में यह बात सामने आयी कि इस श्रेणी के उद्यमियों ने अपने स्तर पर कई राज्यों में अपने उत्पादों के लिए बाजार खोज लिया है। बेतिया के कुछ उद्यमि्यों ने अपने को सीधे-सीधे कश्मीर के थोक कारोबारियों से जोड़ लिया है।
उद्योग विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, बेतिया में कुछ उद्यमी इस तरह का वस्त्र तैयार कर रहे, जो दो डिग्री सेल्सियस तक में बेहतर काम करते हैं। कश्मीर के एक कारोबारी ने इन वस्त्रों को सीधे खरीदना आरंभ कर दिया है।
इसकी वजह यह है देश के अन्य बाजारों से यह सस्ता ताे है ही साथ में गुणवत्ता के लिहाज से भी बेहतर है। इस तरह मुख्यमंत्री उद्यमी योजना ने अपनी राह कश्मीर तक बना ली है। इसकी सफलता से दूसरे उद्यमी भी उत्साहित है। टेक्सटाइल क्षेत्र में कई अन्य तरह के वस्त्र भी छाेटे स्तर पर तैयार हो रहे।
उद्याेग विभाग ने कैमूर के एक मॉडल को भी उद्यमिता के नए मॉडल के रूप मे आगे किया है। कैमूर में मुख्यमंत्री उद्यमी योजना के तहत कुछ लोग थ्रीडी पेंटिंग्स तैयार कर रहे। यह पेंटिग्स काफी सुंदर होती है।
राज्य सरकार अब इसे सरकारी आयोजनों में दिए जाने वाले मोमेंटो के लिए क्रय कर रही है। यह हाथ से तैयार होता है। अब कैमूर की थ्रीडी पेंटिंग्स काफी लोकप्रिय हो रही। इनका बाजार भी विस्तार ले रहा।
इसके अलावा कई तरह के स्नैक्स खासकर मिलेट से बनने वाले स्नैक्स कई समूहों द्वारा मुुख्यमंत्री उद्यमी योजना के तहत मिली राशि से फर्म बनाकर तैयार किए जा रहे। बाजार में इनकी मांग भी बढ़ रही।
बाहर के राज्यों में भी इनका बाजार ढूंढा जा रहा। उद्योग विभाग अपने स्तर से इन उत्पादाेे को आनलाइन प्लेटफार्म पर बिक्री के लिए उपलब्ध कराने में लगा है।


