Saraikela News: ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ अभियान को मिली नई गति, एलईडी जागरूकता रथ रवाना
सरायकेला-खरसावां जिले में ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ अभियान को जन-जन तक पहुंचाने के लिए मंगलवार को समाहरणालय परिसर से विशेष एलईडी जागरूकता रथ को रवाना किया गया। उपायुक्त नितिश कुमार सिंह और उप विकास आयुक्त रीना हांसदा ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर इस अभियान की शुरुआत की। इसी अवसर पर हस्ताक्षर अभियान का भी शुभारंभ किया गया।
बालिकाओं के सम्मान और समान अधिकारों का लिया संकल्प
कार्यक्रम के दौरान उपायुक्त ने अधिकारियों, कर्मचारियों और उपस्थित नागरिकों को बालिकाओं की सुरक्षा, शिक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण के प्रति जागरूक रहने की शपथ दिलाई। उन्होंने सभी से लिंग आधारित भेदभाव, कन्या भ्रूण हत्या और बेटियों के साथ होने वाले किसी भी प्रकार के अन्याय को समाप्त करने के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
इसके बाद आयोजित हस्ताक्षर अभियान में प्रतिभागियों ने बेटियों के सम्मान, समान अवसर और उनके अधिकारों के समर्थन में अपनी प्रतिबद्धता दर्ज कराई।
बेटियों की शिक्षा और स्वास्थ्य पर दिया जोर
उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने कहा कि किसी भी समाज का समग्र विकास तभी संभव है जब बेटियों को समान अवसर, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलें। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे बेटियों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए हर संभव सहयोग दें।
उन्होंने यह भी कहा कि यदि कहीं भ्रूण लिंग जांच या पीसीपीएनडीटी अधिनियम का उल्लंघन होता दिखाई दे, तो इसकी सूचना तुरंत प्रशासन को दें ताकि आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
नौ प्रखंडों में पहुंचेगा जागरूकता रथ
उप विकास आयुक्त रीना हांसदा ने कहा कि समाज में बेटियों के प्रति सकारात्मक और समानतापूर्ण सोच विकसित करना बेहद जरूरी है। वहीं, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी सत्या ठाकुर ने जानकारी दी कि एलईडी जागरूकता रथ जिले के सभी नौ प्रखंडों का दौरा करेगा और प्रत्येक प्रखंड में एक दिन तक अभियान चलाएगा।
रथ पर लगी एलईडी स्क्रीन के माध्यम से लघु फिल्में, जागरूकता संदेश और सरकारी योजनाओं की जानकारी प्रदर्शित की जाएगी। इसका उद्देश्य लोगों को कन्या भ्रूण हत्या पर रोक, बालिकाओं की शिक्षा, सुरक्षा, पोषण और महिला सशक्तिकरण जैसे महत्वपूर्ण विषयों के प्रति जागरूक करना है।
कई अधिकारी रहे मौजूद
कार्यक्रम में जिला कल्याण पदाधिकारी गोपी उरांव, सीडीपीओ सुरुचि प्रसाद, महिला पर्यवेक्षिका सविता सिन्हा, नेहा कुमारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी भी उपस्थित रहे।


