Friday, March 13, 2026

बीसीसीआई के तत्वाधान में महिला अंडर-23 क्रिकेट टूर्नामेंट के नॉकआउट मुकाबले रांची में खेले जाएंगे.

Share

रांची: राजधानी रांची एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर के क्रिकेट टूर्नामेंट की मेजबानी करने जा रहा है. भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के तत्वावधान में महिला अंडर-23 क्रिकेट टूर्नामेंट के नॉकआउट मुकाबले 15 मार्च से 22 मार्च तक रांची में खेले जाएंगे. इस टूर्नामेंट में देश के विभिन्न राज्यों की कुल 10 टीमें हिस्सा लेने के लिए रांची पहुंच रही हैं.

इस प्रतियोगिता में तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, पंजाब, दिल्ली, मुंबई, महाराष्ट्र, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल, मध्य प्रदेश और कर्नाटक की टीमें शामिल होंगी. सभी टीमें अपने-अपने राज्यों की उभरती हुई महिला क्रिकेट प्रतिभाओं के साथ मैदान में उतरेंगी और खिताब के लिए जोरदार मुकाबला देखने को मिलेगा.

जेएससीए के उपाध्यक्ष संजय पांडे ने बताया कि बीसीसीआई द्वारा आयोजित महिला अंडर-23 नॉकआउट मुकाबलों की मेजबानी करना झारखंड के लिए गर्व की बात है. उन्होंने कहा कि टूर्नामेंट के सफल आयोजन के लिए जेएससीए की ओर से सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं. खिलाड़ियों के ठहरने, अभ्यास, सुरक्षा और मैच संचालन से जुड़ी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया गया है. उन्होंने उम्मीद जताई कि रांची में होने वाले इन मुकाबलों में देश की उभरती महिला क्रिकेट प्रतिभाएं शानदार प्रदर्शन करेंगी और दर्शकों को उच्च स्तर का क्रिकेट देखने को मिलेगा.

इस टूर्नामेंट का पहला प्री-क्वार्टर फाइनल मुकाबला 15 मार्च को तमिलनाडु और आंध्र प्रदेश के बीच जेएससीए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा. वहीं दूसरा प्री-क्वार्टर फाइनल मध्य प्रदेश और बंगाल के बीच ऊषा मार्टिन यूनिवर्सिटी ग्राउंड में आयोजित होगा. इसके बाद अगले दौर के मुकाबलों के जरिए फाइनल में पहुंचने वाली टीमों का फैसला होगा. इसका फाइनल मुकाबला 22 मार्च को जेएससीए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा. क्रिकेट प्रेमियों को उम्मीद है कि इस दौरान उन्हें महिला क्रिकेट की कई उभरती प्रतिभाओं का शानदार प्रदर्शन देखने को मिलेगा.

इन मैचों से पहले सभी टीमों को अभ्यास का भी मौका दिया जाएगा. टूर्नामेंट में भाग लेने वाली टीमें 13 और 14 मार्च को रांची में नेट प्रैक्टिस करेंगी. अभ्यास सत्र के दौरान खिलाड़ी दोनों मैदानों पर अपनी तैयारियों को अंतिम रूप देंगे. इस राष्ट्रीय स्तर के टूर्नामेंट के सफल संचालन के लिए बीसीसीआई द्वारा नियुक्त मैच ऑफिशियल, अंपायर, मैच रेफरी और वैन्यू मैनेजर रांची पहुंच चुके हैं. टूर्नामेंट के दौरान मैचों को अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुसार आयोजित किया जाएगा। इधर झारखंड राज्य क्रिकेट संघ (JSCA) ने भी इस प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं.

इस दौरान खिलाड़ियों के ठहरने, अभ्यास, सुरक्षा और मैदान की व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा चुका है. बताया गया कि मैच शुरू होने से पहले दोनों मैदानों का निरीक्षण मैच रेफरी और बीसीसीआई के वैन्यू इंचार्ज द्वारा किया जाएगा. निरीक्षण के दौरान पिच, आउटफील्ड और अन्य तकनीकी व्यवस्थाओं की जांच की जाएगी ताकि मुकाबले सुचारू रूप से संपन्न हो सके.

रांची में इस तरह के राष्ट्रीय स्तर के महिला क्रिकेट टूर्नामेंट के आयोजन से न केवल स्थानीय क्रिकेट प्रेमियों को उच्च स्तर का खेल देखने का मौका मिलेगा. बल्कि राज्य में महिला क्रिकेट को भी नई पहचान और प्रोत्साहन मिलने की उम्मीद है.

Read more

Local News