Thursday, March 26, 2026

बिहार सरकार ने अंतरराष्ट्रीय हवाई सेवाओं के विस्तार के लिए नई डेस्टिनेशन पॉलिसी लागू की है।

Share

बिहार सरकार ने अंतरराष्ट्रीय हवाई सेवाओं के विस्तार के लिए नई डेस्टिनेशन पॉलिसी लागू की है। इसका उद्देश्य पटना और गया हवाई अड्डों से नए अंतरराष्ट्रीय रूटों पर उड़ानें शुरू करना है। एयरलाइंस कंपनियों से निविदाएं आमंत्रित की गई हैं, जिसकी प्रक्रिया 25 मार्च से शुरू हो चुकी है।

पटना। बिहार सरकार ने राज्य से अंतरराष्ट्रीय हवाई सेवाओं के विस्तार की दिशा में पहल की है। बीते दिनों सरकार ने नई डेस्टिनेशन पॉलिसी को मंजूरी दी थी, जिसके तहत नए अंतरराष्ट्रीय रूट पर हवाई सेवाएं शुरू करने के लिए एयरलाइंस कंपनियों को वित्तीय सहायता व अन्य प्रोत्साहन दिया जाएगा।

नीति का उद्देश्य पटना स्थित जयप्रकाश नारायण अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के साथ गया अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से नई उड़ानों की शुरुआत करना है। जिस पर अब कार्य प्रारंभ कर दिया गया है।

सरकार ने नई नीति के तहत विमानन कंपनियों से नए रूट पर उड़ान शुरू करने के लिए निविदा आमंत्रित की है। जिसकी प्रक्रिया 25 मार्च से प्रारंभ हो चुकी है। सात अप्रैल को प्री-बिड बैठक बुलाई गई है। आवेदन देने की अंतिम तिथि 15 अप्रैल 2026 निर्धारित की गई है।

पटना से कोलंबो और सिंगापुर की मिलेगी फ्लाइट

विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, प्रारंभिक चरण में पटना-काठमांडू और गया से काठमांडू, शारजाह, बैंकॉक, कोलंबो और सिंगापुर जैसे अंतरराष्ट्रीय गंतव्यों के लिए नई उड़ाने शुरू करने की योजना है।

यह पूरी प्रक्रिया बिहार में नए अंतरराष्ट्रीय मार्गों पर हवाई कनेक्टिविटी बढ़ाने की नीति के तहत संचालित होगी। सरकार का ऐसा मानना है कि बेहतर हवाई संपर्क से राज्य के सामाजिक और आर्थिक विकास को गति मिलेगी।

नागरिक उड्डन विभाग ने सक्रिय रूप से कार्य प्रारंभ कर दिया है, ताकि बिहार के लोगों को अधिक अंतरराष्ट्रीय कनेक्टिविटी मिल सके। सूत्रों ने बताया कि राज्य सरकार के टेंडर में भाग लेने वाली एयरलाइंस के पास डायरेक्टरेट जनरल आफ सिविल एविएशन से मान्यता अनिवार्य होगी।

Read more

Local News