बिहार विधानसभा में ग्रामीण कार्य मंत्री डॉ. अशोक चौधरी का जन्मदिन मनाया गया। प्रश्नकाल के दौरान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने इसकी घोषणा की, जिसके बाद सदन में सभी ने उन्हें बधाई दी।
पटना।विधानसभा में बुधवार को ग्रामीण कार्य मंत्री डाॅ. अशोक चौधरी को जन्मतिथि की बधाई दी गई। प्रश्नकाल के दौरान डाॅ. चौधरी अपने विभाग से जुड़े प्रश्नों के उत्तर दे रहे थे।
उसी समय मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सूचना दी कि आज इनका जन्मदिन भी है, आपलोग बधाई दीजिए। विपक्ष की ओर से सबसे पहले राजद विधायक भाई वीरेंद्र ने उन्हें बधाई दी।
विधानसभा अध्यक्ष डाॅ. प्रेम कुमार ने सदन की ओर से बधाई दी। उन्होंने सदस्यों को भरोसा दिया कि वह डाॅ. चौधरी के जन्मदिन की खुशी में मिठाई भी बंटवाएंगे।
इसके बाद मंत्री ने हाथ जोड़कर सभी के प्रति आभार जताया। इससे पहले मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपने एक्स हैंडल पर डाॅ. अशोक चौधरी को बधाई दी। उनके स्वस्थ और दीर्घ जीवन की कामना की।
राजद विधायक से तल्खी के बीच सीएम ने बदला मूड
दरअसल विधानसभा में राजद विधायक शंभू अपने विस क्षेत्र की सड़कों की स्थिति पर सवाल पूछ रहे थे। उन्होंने आरोप लगाया कि धरातल पर कुछ नहीं हो रहा।
सरकार के पास यदि पैसे की कमी नहीं है, तो ग्रामीण सड़कों की हालत इतनी दयनीय क्यों है। इसपर मंत्री जवाब देने के लिए उठे।
मंत्री अशोक चौधरी ने इसके जवाब में कार्यों का ब्योरा दिया। उन्होंने बताया कि उनके विधानसभा क्षेत्र को करीब 170 करोड़ दिए गए। इससे 50 सड़कें बनाई गईं। पुलों का निर्माण भी हुआ।
उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि इस विषय पर अपने नेता से भी तो पूछते, जब ग्रामीण कार्य विभाग उनके पास था। इसके बाद सदन में शोरगुल होने लगा। इतने में मुस्कुराते हुए सीएम उठे, कहा कि आज इनका जन्मदिन है, सबलोग बधाई दे दीजिए


