बिहार कांग्रेस में आंतरिक कलह समाप्त होने का नाम नहीं ले रही है। पटना में ‘बिहार कांग्रेस बचाओ सम्मेलन’ आयोजित कर नाराज नेताओं ने प्रदेश नेतृत्व पर गंभीर आरोप लगाए।
बिहार विधानसभा चुनाव के वक्त से बिहार कांग्रेस के अंदर शुरू कलह समाप्त होने का नाम नहीं ले रही है। पार्टी के भीतर गहराते असंतोष की स्थिति यह है कि पार्टी दो फाड़ हो चुकी है।
नाराज खेमा लगातार प्रदेश नेतृत्व के विरोध में जुटा है। मंगलवार को ऐसे ही नाराज नेताओं ने बिहार कांग्रेस बचाओ सम्मेलन आयोजित कर मौजूदा प्रदेश नेतृत्व पर गंभीर आरोप लगाए और बदलाव की मांग उठाई।
सम्मेलन का आयोजन पटना स्थित लक्ष्मी नारायण उत्सव हाल में किया गया था। जिसमें सभी जिलों से नेतृत्व से नाराज नेताओं ने भाग लिया।
प्रदेश और राष्ट्रीय नेतृत्व की वजह से बदहाल
सम्मेलन को संबोधित करते हुए अखिल भारतीय कांग्रेस के सदस्य आनन्द माधव ने कहा कि बिहार कांग्रेस अपने सबसे कमजोर दौर से गुजर रही है।
जिसके लिए प्रदेश नेतृत्व व राष्ट्रीय प्रभारी जिम्मेदार हैं। उन्होंने हाल के विधानसभा और राज्यसभा चुनाव में पार्टी के खराब प्रदर्शन को नेतृत्व की विफलता बताते हुए इन दोनों से नैतिक आधार पर इस्तीफे की मांग की।
सम्मेलन में कई नेताओं ने टिकट बंटवारे में अनियमितता, समर्पित कार्यकर्ताओं की अनदेखी और संगठन में बिचौलियों के बढ़ते प्रभाव का मुद्दा उठाया।
राहुल गांधी तक नहीं पहुंच पा रही आवाज
पूर्व विधायक छत्रपति यादव ने साफ कहा कि अगर स्थिति नहीं बदली तो आंदोलन को दिल्ली तक ले जाया जाएगा। पूर्व युवा कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राजकुमार राजन ने आरोप लगाया कि संगठन में कुछ लोग फिल्टर बन गए हैं, जिनकी वजह से जमीनी कार्यकर्ताओं की आवाज राहुल गांधी तक नहीं पहुंच पा रही है।
सम्मेलन की अध्यक्षता कर रहे नागेंद्र पासवान विकल ने संगठन में पदों की कथित खरीद-फरोख्त और सदस्यता शुल्क में गड़बड़ी जैसे गंभीर आरोप लगाए।
दलाल संस्कृति से संगठन को मुक्त कराएंगे
नेताओं-कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि जब तक संगठन को दलाल संस्कृति से मुक्त नहीं करा लेंगे आंदोलन जारी रहेगा। जल्द ही पुतला दहन और दिल्ली कूच जैसे कार्यक्रमों की घोषणा भी की गई है, जिससे आने वाले दिनों में पार्टी के भीतर टकराव और तेज होने के संकेत हैं
महासम्मेलन में सनी कुमार, विकास कुमार, शिवराज कुमार, अरूण कुमार वर्मा, देवानंद शर्मा, सुरेश रविदास, रामजतन चौधरी, रामनरेश सिंह, रवि गोल्डन कुमार, उमेश श्रीवास्तव समेत कई अनेक नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


