Tuesday, May 5, 2026

बिहार में 10 लाख जीविका दीदियों को मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना की राशि इसलिए नहीं मिल पाई क्योंकि उन्होंने अपने बैंक खाते की केवाईसी नहीं कराई है…

Share

बिहार में 10 लाख जीविका दीदियों को मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना की राशि इसलिए नहीं मिल पाई क्योंकि उन्होंने अपने बैंक खाते की केवाईसी नहीं कराई है। योजना के तहत पांच चरण में सरकार 15 हजार 600 करोड़ रुपये की राशि दे चुकी है। 

पटना। मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना (Mukhyamantri Mahila Rojgar Yojna) के लाभ से KYC नहीं कराने के कारण लगभग 10 लाख जीविका दीदियां वंचित हैं।

इसके पीछे कारण बैंक खाता फ्रीज होना है। इसमें सर्वाधिक जनधन योजना से संबंधित बैंक खाते हैं।इस वजह से खाते में राशि अंतरण नहीं हो पा रही है।

सरकार की ओर से पांच चरणों में दी गई राशि से चरणवार वंचित जीविका दीदियों की संख्या बढ़ती ही जा रही है। उल्लेखनीय है कि सरकार अभी तक एक करोड़ 55 लाख 84 हजार 882 जीविका दीदियों के खाते में पैसा भेज चुकी है।

लेकिन राशि पहुंची है 1 करोड़ 45 लाख 84 हजार, 882 के खाते ही। वहीं, पांचवें चरण में कितने जीविका दीदियों के खाते में राशि नहीं पहुंची यह जानकारी सोमवार तक अपडेट होने की संभावना है।

एक हजार करोड़ पांचवें चरण में 

पांचवें चरण में 28 नवंबर को 10 लाख जीविका दीदियों के खाते में 10 हजार रुपये प्रति लाभुक की दर से 1000 करोड़ रुपये की राशि का अंतरण किया गया था।

वहीं, अभी तक कुल 1 करोड़ 56 लाख जीविका दीदियों के खाते में 15 हजार 600 करोड़ रुपये की राशि भेजी गई है। ग्रामीण विकास विभाग के अधिकारियों का कहना है कि केवाईसी पूर्ण होते ही खाते में राशि पहुंच जाएगी। 

विदित हो कि सरकार ”महिला रोजगार योजना” के तहत अपनी पसंद का रोजगार करने के लिए प्रति परिवार की एक महिला को दस-दस हजार रुपये की सहायता राशि खाते में भेजी जा रही है।

योजना में दी गई सहायता से काफी संख्या में महिलाओं ने अपनी पसंद का रोजगार शुरू किया है। आगे जो महिलाएं अपना रोजगार अच्छे से करेंगी, उन्हें भविष्य में दो लाख रुपये तक की सहायता और दी जाएगी।

शेष चयनित जीविका दीदियों के खाते में अगले महीने तक सहायता राशि भेजने की तैयारी है। इससे राज्य के सभी परिवारों की महिलाओं को काफी फायदा होगा।

क्या है केवाईसी का पेच

बैंकों के पास कई कारणों से खाते को फ्रीज करने (बैंक खाता पर रोक लगाने) का अधिकार है। इसमें अपडेट किए गए आईडी प्रूफ देना, ओवरड्राफ्ट या निगेटिव बैलेंस राशि को एड्रेस करना या बैंक के साथ विवादों को हल करना हो सकता है। जब तक ये समस्याएं हल नहीं हो जातीं, तब तक बैंक आपके खाते को फ्रीज रख सकता है।

अकाउंट फ्रीज हो जाए तो क्या करें 

ऐसा होने पर अपने बैंक से तुरंत संपर्क करें। इस बारे में पूछताछ करें कि आखिर क्या वजह है। अगर फ्रीज अनुपालन संबंधी समस्याओं या डाक्यूमेंट्स के चलते हुआ है, तो अपने बैंक को जरूरी डाक्यूमेंट, जैसे कि अपडेट की गई पहचान या पते का प्रमाण और अन्य डाक्यूमेंट जमा करें।

अगर कोर्ट के आदेश या कानूनी विवाद के चलते बैंक अकाउंट फ्रीज है, तो कानूनी सलाहकार से परामर्श करें और उचित कानूनी चैनलों के माध्यम से मामले को हल करें।

अगर रोक सरकारी जांच या कानून प्रवर्तन जांच से संबंधित है, तो अधिकारियों के साथ पूर्ण सहयोग करें और समस्या के समाधान में तेजी लाने के लिए कोई भी मांगी गई जानकारी या डाक्यूमेंट्स उपलब्ध कराएं।

किस चरण में कितने खाते में नहीं पहुंची राशि 

  • दिनांक -कुल लाभार्थी -कितने की खाते में नहीं पहुंची राशि
  • 26/09/25- 75 लाख -3,23,902
  • 03/10/25- 25 लाख -2,06,264
  • 06/10/25 -21 लाख -1,58,086
  • 24/10/25- 24,84,882 -2,39,307
  • 28/11/25- 10 लाख —

Read more

Local News