Friday, November 27, 2026

बिहार में हवाई सुविधाओं को मिलेगी नई रफ्तार, सोनपुर-अजगैबीनाथ में बनेंगे दो ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट

Share

पटना: बिहार में हवाई परिवहन के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए बड़े स्तर पर योजनाएं बनाई गई हैं। वर्ष 2030-31 तक सोनपुर और अजगैबीनाथ धाम में दो नए ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट विकसित करने का लक्ष्य है। इसके अलावा पटना, गया, दरभंगा, पूर्णिया और रक्सौल समेत कई हवाई अड्डों के विस्तार और आधुनिकीकरण का काम अगले तीन से चार वर्षों में पूरा करने की तैयारी है।

भारत-नेपाल सीमा के नजदीक स्थित रक्सौल में भी बड़े हवाई अड्डे के निर्माण की योजना है। राज्य के नागरिक विमानन विभाग के सचिव नीलेश रामचंद्र देवरे ने शुक्रवार को पटना के सूचना भवन में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में इन परियोजनाओं की जानकारी दी।

पटना और दरभंगा एयरपोर्ट पर चल रहे विकास कार्य

सचिव ने बताया कि पटना एयरपोर्ट के नए टर्मिनल का उन्नयन कार्य पूरा हो चुका है। वहीं, दरभंगा में नया टर्मिनल बनाने के साथ 3,700 मीटर लंबे रनवे का निर्माण किया जा रहा है। टर्मिनल का काम वर्ष 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

दरभंगा एयरपोर्ट को अंतरराष्ट्रीय स्तर का दर्जा दिलाने के लिए केंद्र सरकार के पास प्रस्ताव भेजा गया है। इसके अलावा यहां कार्गो हब विकसित करने की दिशा में भी काम हो रहा है, जिसके लिए जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया जारी है।

पूर्णिया में 294 करोड़ से बनेगा सिविल एन्क्लेव

पूर्णिया एयरपोर्ट के विकास के लिए 67.18 एकड़ जमीन भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (AAI) को सौंप दी गई है। यहां 294.05 करोड़ रुपये की लागत से सिविल एन्क्लेव बनाया जा रहा है।

इसके साथ ही कार्गो कॉम्प्लेक्स और एयरोसिटी विकसित करने की भी योजना है। इन परियोजनाओं के लिए 567 एकड़ जमीन अधिग्रहित की जानी है। इस पर करीब 290 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है।

कम दृश्यता में भी विमानों की लैंडिंग होगी आसान

गया एयरपोर्ट पर CAT-1 लाइटिंग सिस्टम लगाने की योजना है। इसके लिए जमीन अधिग्रहण का काम पूरा हो चुका है। इस सुविधा से कम दृश्यता और घने कोहरे के दौरान विमानों के सुरक्षित उतरने में मदद मिलेगी।

उड़ान योजना में पांच शहरों के एयरपोर्ट शामिल

क्षेत्रीय हवाई संपर्क बढ़ाने के लिए उड़ान योजना के तहत मुजफ्फरपुर, वाल्मीकिनगर, रक्सौल, वीरपुर और सहरसा एयरपोर्ट के विकास की तैयारी है।

रक्सौल में 139 एकड़ अतिरिक्त जमीन का अधिग्रहण पूरा कर लिया गया है। यहां एयरपोर्ट परियोजना की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) तैयार की जा रही है।

मुजफ्फरपुर और वाल्मीकिनगर में निर्माण कार्य

नीलेश रामचंद्र देवरे के अनुसार, मुजफ्फरपुर के पताही एयरपोर्ट पर टर्मिनल और रनवे बनाने का काम शुरू हो गया है।

वाल्मीकिनगर एयरपोर्ट के विकास पर भी खर्च निर्धारित किया गया है। यहां टर्मिनल निर्माण के लिए 27.15 करोड़ रुपये और रनवे के लिए 23.80 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।

वीरपुर में एयरपोर्ट परियोजना के लिए 88.83 एकड़ जमीन अधिग्रहित की जा चुकी है। यहां टर्मिनल निर्माण पर 30.48 करोड़ रुपये और रनवे के विकास पर 28.42 करोड़ रुपये खर्च करने की योजना है।

वहीं, सहरसा एयरपोर्ट पर रनवे का विस्तार किया जाएगा। इसके लिए 12 एकड़ से अधिक अतिरिक्त जमीन अधिग्रहित करने की प्रक्रिया चल रही है। इस परियोजना की अनुमानित लागत 42.52 करोड़ रुपये है।

इन योजनाओं के पूरा होने से बिहार के कई शहरों में हवाई सुविधाओं का विस्तार होने और क्षेत्रीय कनेक्टिविटी बेहतर होने की उम्मीद है।

Read more

Local News