कैमूर | 23 नवंबर 2026
बिहार में मध्याह्न भोजन योजना के जिला और प्रखंड स्तर पर कार्यरत साधनसेवियों के मनमाने तबादलों पर रोक लगाने की तैयारी है। मध्याह्न भोजन योजना निदेशालय ने स्पष्ट किया है कि साधनसेवियों का सामान्यतः तीन साल की निर्धारित अवधि पूरी होने के बाद ही स्थानांतरण किया जाएगा। विशेष परिस्थिति में भी बिना निर्धारित समिति की मंजूरी के उनका कार्यस्थल नहीं बदला जा सकेगा।
इस संबंध में निदेशालय ने सभी जिला कार्यक्रम पदाधिकारियों को दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन करने का निर्देश दिया है। विभाग को शिकायतें मिली थीं कि साधनसेवियों को तीन साल की अवधि पूरी होने से पहले ही दूसरे प्रखंडों में स्थानांतरित या प्रतिनियुक्त किया जा रहा है। इससे योजना के संचालन और कार्य व्यवस्था पर असर पड़ रहा है।
2013 के आदेश का दिया गया हवाला
मध्याह्न भोजन योजना निदेशालय ने 12 जुलाई 2013 को जारी दिशा-निर्देश का हवाला देते हुए कहा है कि जिला साधनसेवी और प्रखंड साधनसेवियों का स्थानांतरण सामान्यतः तीन साल की अवधि पूरी होने के बाद ही होना चाहिए।
विभाग के अनुसार, एक ही प्रखंड में निर्धारित अवधि तक काम करने से साधनसेवियों को वहां के स्कूलों, भोजन व्यवस्था, निगरानी और विभागीय कार्यों की बेहतर समझ विकसित होती है। बार-बार कार्यस्थल बदलने से कामकाज की निरंतरता प्रभावित हो सकती है।
विशेष परिस्थिति में समिति की मंजूरी अनिवार्य
निदेशालय ने स्पष्ट किया है कि यदि किसी साधनसेवी का तीन साल पूरा होने से पहले स्थानांतरण करना जरूरी हो, तो इसके लिए ठोस प्रशासनिक कारण होना चाहिए। संबंधित जिला कार्यक्रम पदाधिकारी को प्रस्ताव जिला स्तरीय चयन-सह-अवधि विस्तार समिति के समक्ष रखना होगा।
समिति के विचार और अनुमोदन के बाद ही समयपूर्व स्थानांतरण की कार्रवाई की जा सकेगी। बिना ठोस कारण प्रतिनियुक्ति करने से भी अधिकारियों को बचने का निर्देश दिया गया है।
नियम तोड़ने वाले अधिकारियों पर होगी कार्रवाई
निदेशालय ने चेतावनी दी है कि दिशा-निर्देशों का उल्लंघन कर मनमाने तरीके से स्थानांतरण या प्रतिनियुक्ति करने वाले अधिकारियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
मध्याह्न भोजन योजना के कामकाज में आएगी स्थिरता
जिला और प्रखंड साधनसेवी स्कूलों में मध्याह्न भोजन की नियमितता, गुणवत्ता, निरीक्षण और विभागीय निर्देशों के अनुपालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। विभाग का मानना है कि उन्हें निर्धारित अवधि तक एक ही कार्यस्थल पर जिम्मेदारी निभाने का अवसर मिलने से निगरानी और योजना के संचालन में निरंतरता बनी रहेगी।
निदेशालय के इस निर्देश से साधनसेवियों के समयपूर्व और अनावश्यक तबादलों पर अंकुश लगने की उम्मीद है।
