Tuesday, July 14, 2026

बिहार में बारिश को लेकर अलर्ट, 27 जिलों में मौसम विभाग ने जारी की चेतावनी.

Share

पटना: बिहार में मानसून सक्रिय रहने के बावजूद अब तक सामान्य से कम बारिश दर्ज की गई है। हालांकि, कई जिलों में बादल छाए रहने और बीच-बीच में बारिश होने से मौसम सुहावना बना हुआ है। लोगों को उमस और गर्मी से कुछ राहत मिली है। इस बीच मौसम विभाग ने राज्य के 27 जिलों के लिए बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है।

मौसम विभाग के अनुसार, कुछ जिलों में भारी बारिश की संभावना को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जबकि कई इलाकों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी है।

इन जिलों में ऑरेंज अलर्ट

मौसम विभाग ने शिवहर, सीतामढ़ी, सुपौल, पूर्णिया, कटिहार, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, वैशाली, समस्तीपुर, खगड़िया और मुंगेर में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन क्षेत्रों में तेज बारिश की संभावना जताई गई है।

वहीं मधुबनी, अररिया, किशनगंज, सहरसा, मधेपुरा, भागलपुर, पटना, औरंगाबाद, नालंदा, बेगूसराय, लखीसराय, शेखपुरा, गया, नवादा, जमुई और बांका में येलो अलर्ट जारी किया गया है।

तेज हवा और वज्रपात की संभावना

मौसम विभाग के मुताबिक, राज्य के कई हिस्सों में आज बारिश के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं। हवा की गति करीब 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक रहने का अनुमान है। कुछ क्षेत्रों में बिजली गिरने की आशंका भी जताई गई है।

प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतें और जरूरी काम होने पर ही घर से बाहर निकलें।

18-19 जुलाई के आसपास मानसून के मजबूत होने की संभावना

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि आने वाले दिनों में बिहार में मानसून की गतिविधियां बढ़ सकती हैं। बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है, जो आगे चलकर चक्रवाती परिसंचरण का रूप ले सकता है।

अनुमान है कि 18 और 19 जुलाई के आसपास बनने वाली इस मौसमी प्रणाली के प्रभाव से राज्य के कई हिस्सों में बारिश बढ़ सकती है। इससे लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिलने और तापमान में गिरावट आने की उम्मीद है।

उत्तर बिहार और सीमांचल में हुई बारिश

पिछले 24 घंटों के दौरान उत्तर बिहार और सीमांचल के कई इलाकों में बारिश दर्ज की गई है। कुछ क्षेत्रों में बारिश के कारण नदियों के जलस्तर में भी बढ़ोतरी देखी जा रही है।

वहीं, जिन जिलों में पर्याप्त बारिश नहीं हुई, वहां लोगों को उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ा। राजधानी पटना में दिनभर बादलों की आवाजाही बनी रही, हालांकि उमस से लोगों को परेशानी भी हुई।

Read more

Local News