पटना, 26 नवंबर। बिहार में विमानन सुरक्षा को मजबूत करने के लिए राज्य सरकार ने नई व्यवस्था लागू की है। इसके तहत बिहार उड्डयन संस्थान में कार्यरत विमानन कर्मियों और प्रशिक्षु पायलटों की नशीले तथा मन को प्रभावित करने वाले पदार्थों के सेवन की जांच अनिवार्य कर दी गई है। विभाग ने इस संबंध में मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) जारी की है, जो तत्काल प्रभाव से लागू हो गई है।
नई व्यवस्था के अनुसार हर साल कम से कम 10 प्रतिशत कर्मचारियों और प्रशिक्षु पायलटों का चयन रैंडम तरीके से किया जाएगा। इसके अलावा नए विमानन कर्मियों की नियुक्ति और प्रशिक्षु पायलटों के संस्थान में प्रवेश से पहले भी ड्रग टेस्ट कराना जरूरी होगा। जांच में रिपोर्ट पॉजिटिव आने पर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
मान्यता प्राप्त प्रयोगशालाओं में होगी जांच
विभाग के मुताबिक, एसओपी को नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) के सुरक्षा मानकों के अनुरूप तैयार किया गया है। सभी जांच राष्ट्रीय प्रत्यायन बोर्ड (एनएबीएल) या अस्पताल एवं स्वास्थ्य सेवा प्रदाताओं के लिए राष्ट्रीय प्रत्यायन बोर्ड (एनएबीएच) से मान्यता प्राप्त प्रयोगशालाओं में कराई जाएगी।
नमूने बिहार उड्डयन संस्थान परिसर में बने बीए टेस्ट रूम में एकत्र किए जाएंगे। इस प्रक्रिया के दौरान संस्थान के मेडिकल अधिकारी मौजूद रहेंगे, जबकि प्रयोगशाला का प्रशिक्षित कर्मचारी नमूना संग्रह करेगा। संबंधित व्यक्ति को जांच का शुल्क सीधे प्रयोगशाला में जमा करना होगा।
सरकारी कर्मचारियों को मिलेगी शुल्क वापसी
जांच शुल्क को लेकर भी अलग-अलग श्रेणियों के लिए प्रावधान किए गए हैं। नियमित सरकारी कर्मचारियों को मूल रसीद प्रस्तुत करने पर जांच में खर्च हुई राशि की प्रतिपूर्ति की जाएगी।
वहीं, प्रशिक्षु पायलटों, आउटसोर्सिंग के जरिए नियुक्त कर्मियों और संविदा कर्मचारियों को शुल्क की वापसी नहीं मिलेगी। उन्हें जांच का खर्च स्वयं वहन करना होगा।
रिपोर्ट गोपनीय रखने का प्रावधान
एसओपी के तहत जांच रिपोर्ट को गोपनीय रखा जाएगा। इसका रखरखाव संस्थान के मेडिकल अधिकारी की निगरानी में होगा। किसी व्यक्ति की रिपोर्ट पॉजिटिव आने पर डीजीसीए के निर्धारित नियमों के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
इस पूरी व्यवस्था के संचालन की जिम्मेदारी सेफ्टी मैनेजर को दी गई है। वे वार्षिक जांच की योजना बनाने, रैंडम चयन कराने, प्रयोगशालाओं के साथ समन्वय रखने और जांच रिपोर्ट का रिकॉर्ड सुरक्षित रखने का काम करेंगे।
विभाग का कहना है कि इस व्यवस्था का उद्देश्य विमानन क्षेत्र में काम करने वाले लोगों की सतर्कता और कार्यक्षमता बनाए रखना तथा उड़ान सुरक्षा से जुड़े जोखिमों को कम करना है।
