Saturday, March 14, 2026

बिहार में चल रही कांग्रेस की वोटर अधिकार यात्रा में CM हेमंत राहुल गांधी का साथ देने पटना जाएंगे.

Share

रांची: झारखंड मुक्ति मोर्चा के केंद्रीय महासचिव और प्रवक्ता विनोद पांडेय ने कहा कि बिहार में 17 अगस्त से चल रही राहुल गांधी-तेजस्वी यादव की “वोटर अधिकार यात्रा” में उमड़ रहे जनसैलाब ने भारतीय जनता पार्टी और एनडीए की नींद उड़ा दी है. झामुमो के केंद्रीय महासचिव ने एक प्रेस रिलीज जारी कर कहा कि बिहार की राजनीति में सोमवार, 01 सितंबर को एक बड़ा दृश्य देखने को मिलेगा.

बिहार की राजधानी पटना में झामुमो अध्यक्ष व झारखंड मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन भी कांग्रेस सांसद राहुल गांधी, बिहार विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के साथ वोटर अधिकार यात्रा के समापन कार्यक्रम के दौरान मौजूद रहेंगे. झामुमो नेता ने कहा कि सोमवार को पटना में I.N.D.I.A. ब्लॉक की विपक्षी एकता का शक्ति प्रदर्शन ऐतिहासिक होगा.

झामुमो नेता ने कहा कि पटना की विशाल रैली में झारखंड के मुख्यमंत्री और झामुमो अध्यक्ष हेमंत सोरेन की उपस्थिति विशेष महत्व रखती है.
विनोद पांडेय ने आगे कहा कि एसआईआर (SIR) की प्रक्रिया के खिलाफ जागरूकता का आलम यह है कि आज जनता समझ चुकी है कि चुनाव आयोग किस तरह एक राजनीतिक दल की तरह काम कर रहा है.

षड्यंत्र के खिलाफ हमारी लड़ाई जारी रहेगी

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन इंडिया गठबंधन के मजबूत स्तंभ हैं. जब संसद में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की आवाज दबाई गई, तो सड़क पर संघर्ष कर लोकतंत्र को बचाने और संविधान की रक्षा बेहद जरूरी बन गया है. इस अभियान में झामुमो इंडिया गठबंधन के साथ पूरी मजबूती के साथ खड़ा है और रहेगा.

विनोद पांडेय ने आरोप लगाया है कि एसआइआर की प्रक्रिया भाजपा और चुनाव आयोग की संयुक्त साजिश है. जिससे भाजपा की विचारधारा से विपरित मतदान करने वाले खास तौर पर गरीब, पिछड़े, अल्पसंख्यक, दलित, मजदूर, किसान, आदिवासी वर्ग को वोट के अधिकार से वंचित किया जा सके. लेकिन भाजपा और चुनाव आयोग का यह मंसूबा कभी पूरा नहीं होगा क्योंकि बिहार-झारखंड और अब देश का मतदाता जागरूक हो चुका हैं.

उन्होंने कहा कि आने वाले बिहार विधानसभा चुनाव में जनता इंडिया महागठबंधन के पक्ष में स्पष्ट बहुमत देकर अपना फैसला सुनाएगी, ठीक वैसे ही जैसे 2024 में झारखंड में हेमंत सोरेन के नेतृत्व में इंडिया गठबंधन को आशीर्वाद देकर सत्ता सौंपी थी. झामुमो नेता ने कहा कि झारखंड में सत्तारूढ़ झामुमो गठबंधन पहले ही एसआइआर(SIR) के खिलाफ विधानसभा से प्रस्ताव पारित कर अपना संदेश जन जन तक पहुंचा चुका है. सदन में हेमंत सोरेन ने इसे लोकतंत्र पर सीधा हमला बताया था. बिहार में भी विपक्ष ने एसआइआर को गरीब वोटरों को हाशिए पर धकेलने की साजिश करार दिया है.

Read more

Local News