Saturday, July 25, 2026

बिहार में खौफनाक मर्डर, भाई ने कनपटी में पिस्टल सटाकर गोली सिर के आर-पार कर दिया

Share

भागलपुर : बिहार के भागलपुर में एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई है. जिले के पीरपैंती प्रखंड स्थित ईशीपुर थाना क्षेत्र के बड़ी कमलाचक गांव में युवक के सिर में गोली मारकर हत्या की गई. मृतक की पहचान 24 वर्षीय नीतीश कुमार दास के रूप में हुई है. आरोप है कि उसके ही फुफेरे भाई विवेक दास ने सिर में गोली मार दी. घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार हो गया.

भागलपुर में युवक की हत्या : बताया जाता है कि मंगलवार रात नीतीश अपने घर की छत पर मौजूद था. तभी उसका फुफेरा भाई विवेक वहां पहुंचा और बातचीत के दौरान कनपटी से पिस्टल सटाकर गोली मार दी. गोली सिर के आरपार हो गई, जिससे नीतीश की मौके पर ही मौत हो गई.

MURDER IN BHAGALPUR

आवाज सुनकर पहुंचे घरवाले : वारदात के वक्त विवेक के साथ तीन-चार अन्य लोग भी मौजूद थे. गोली की आवाज सुनकर घर के बच्चों ने शोर मचाया, जिसके बाद परिजनों को घटना की जानकारी मिली. परिजन तुरंत नीतीश को पीरपैंती रेफरल अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.

जांच में जुटी पुलिस : घटना की सूचना मिलते ही कहलगांव एसडीपीओ 2 अर्जुन गुप्ता पुलिस बल के साथ अस्पताल पहुंचे और मामले की जानकारी ली. ईशीपुर थानाध्यक्ष चंदन कुमार ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. मामले की जांच जारी है.

”पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए आसपास के इलाकों में छापेमारी तेज कर दी है. जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा. इसके बाद घटना के पीछे के कारणों का खुलासा किया जाएगा.”– अर्जुन गुप्ता, एसडीपीओ 2

रास्ते में भी किया गया जानलेवा हमला : परिजनों के अनुसार, मृतक नीतीश और आरोपी विवेक आपस में ममेरे-फुफेरे भाई थे. दोनों सब्जी का व्यापार करते थे. वारदात के समय नीतीश मूर्ति विसर्जन के बाद छत पर बैठा था. घटना के बाद जब परिजन उसे अस्पताल लेकर जा रहे थे, तब रास्ते में कुछ अपराधियों ने उन पर जानलेवा हमला करने की कोशिश की, लेकिन वे किसी तरह बचते हुए अस्पताल पहुंचे.

मृतक की जल्द ही होनी थी शादी : कहा जा रहा है कि नीतीश की कुछ दिनों में शादी होने वाली थी, लेकिन इस दर्दनाक घटना ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है. मां सुनीता देवी और भाई अनूप का रो-रोकर बुरा हाल है.

Read more

Local News