बिहार में इस बार प्री-मानसून ने समय से पहले जोर पकड़ा है, जिससे 1 मार्च से 7 मई तक सामान्य से 206% अधिक वर्षा दर्ज की गई है। पूर्णिया में सर्वाधिक 234 मिमी बारिश हुई, जबकि अरवल सबसे सूखा रहा; मौसम विभाग ने 21 मई तक बारिश और वज्रपात का अलर्ट जारी किया है
पटना। बिहार में प्री-मानसून ने इस बार समय से पहले ही जोर पकड़ लिया है। बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी और लगातार सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के असर से राज्य के कई जिलों में झमाझम बारिश हो रही है।
मौसम विज्ञान केंद्र पटना के आंकड़ों के अनुसार एक मार्च से सात मई तक बिहार में सामान्य से 206 प्रतिशत अधिक वर्षा दर्ज की गई है। इस दौरान राज्य में औसत वर्षा का मानक 33.8 मिमी माना जाता है।
पूर्णिया सबसे आगे, अरवल सबसे पीछे
प्री-मानसून सीजन में सबसे अधिक बारिश पूर्णिया जिले में दर्ज की गई है। यहां 234 मिमी वर्षा रिकॉर्ड हुई है, जो राज्य में सबसे ज्यादा है।
वहीं सबसे कम बारिश अरवल जिले में हुई, जहां केवल 13.7 मिमी वर्षा दर्ज की गई। राजधानी पटना में इस दौरान 63.7 मिमी बारिश हुई है।
सीमांचल और मिथिलांचल में झमाझम बारिश
बारिश के आंकड़ों में सीमांचल और मिथिलांचल के जिले सबसे आगे रहे हैं। अररिया में 229.5 मिमी, कटिहार में 201.4 मिमी और किशनगंज में 194.2 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई।
इसके अलावा मधेपुरा में 158.8, मधुबनी में 156.6 और शिवहर में 136.4 मिमी बारिश दर्ज की गई है।
उत्तर बिहार के कई जिलों में सामान्य से ज्यादा वर्षा
दरभंगा में 130.7 मिमी, खगड़िया और बांका में 119.8-119.8 मिमी बारिश हुई है। वहीं बेगूसराय में 116.1 और सीतामढ़ी में 114.4 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई।
पूर्वी चंपारण में 112.5, मुजफ्फरपुर में 109.3 और सहरसा में 108.5 मिमी बारिश दर्ज की गई है।
पटना समेत दक्षिण बिहार में भी बदला मौसम
पटना में 63.7 मिमी बारिश दर्ज हुई है, जो सामान्य से काफी अधिक मानी जा रही है। सारण में 64.4, बक्सर में 68.6 और वैशाली में 72.7 मिमी बारिश हुई।
वहीं औरंगाबाद में 54, भोजपुर में 51.7 और गया में 45.7 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई है।
21 मई तक बारिश और वज्रपात का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार 21 मई तक बिहार के अलग-अलग हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश जारी रहने के आसार हैं।
विशेष रूप से उत्तर-पूर्व बिहार के जिलों में आंधी, बारिश और वज्रपात को लेकर चेतावनी जारी की गई है। विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी है।


