Wednesday, March 18, 2026

बिहार एसटीएफ ने मध्य प्रदेश के जबलपुर में इंसाफ बैंक में हुई लूटपाट के मामले में गया से 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

Share

पटना। मध्यप्रदेश के जबलपुर में स्थित इंसाफ बैंक की शाखा से करीब 14.87 किलो सोने के आभूषण और पांच लाख की नकदी की लूट के मामले में बिहार एसटीएफ ने गया से दो आरोपितों, राजेश दास उर्फ आकाश दास और इंद्रजीत दास को गिरफ्तार किया है।

आरोपितों के पास से 3.112 किलो ग्राम सोना भी बरामद किया गया है। पुलिस के अनुसार सोने की कीमत तीन करोड़ से अधिक बताई जा रही है। गिरफ्तार राजेश दास पर बिहार के विभिन्न जिलों के साथ ही झारखंड, छत्तीसगढ़ और ओडिशा के विभिन्न थानों में मामले दर्ज हैं।

दोनों आरोपितों को जबलपुर ले गई पुलिस

बरामद आभूषण के साथ रविवार को दोनों आरोपितों को जबलपुर पुलिस अपने साथ ले गई। नगर पुलिस अधीक्षक रामानंद कुमार कौशल ने लूट के सोने के साथ दो आरोपितों की गिरफ्तारी की पुष्टि की है।

पुलिस मुख्यालय के अनुसार जबलपुर जिला के खितौला थाना क्षेत्र में इंसाफ बैंक की शाखा में 11 अगस्त, 2025 को हथियारबंद अपराधियों ने लूटपाट की थी।

जांच में बिहार से जुड़े लुटेरों की जानकारी मिलने पर बिहार एसटीएफ ने डीएसपी आनंद कुमार के नेतृत्व में टीमें बनाकर विभिन्न स्थानों पर छापेमारी की।

गया का है एक अपराधी

इस दौरान एक अपराधी की पहचान गया जिले के डोभी थाना क्षेत्र के बीजा टोला निवासी राजेश दास उर्फ आकाश दास के रूप में हुई।

राजेश दास पर गया के बाराचट्टी, शेरघाटी, जमुई के चकाई, रोहतास के नोखा, बेंगाबाद, बांका के चांदन, गिरिडीह के निमियाघाट, सासाराम के मुफ्फसिल, छत्तीसगढ़ के रायगढ़ कोतवाली और ओडिशा के बीरभूमि पुलिस थाने में कांड दर्ज हैं।

जांच के क्रम में शेरघाटी थाना के भरारी निवासी इंद्रजीत दास उर्फ सागर की भी पहचान हुई। इनको छापेमारी कर गिरफ्तार कर लिया गया।

गिरफ्तार अपराधियों से पूछताछ के क्रम में लूटे गए सोने में से तीन किलो से अधिक सोना बरामद भी किया गया। एसटीएफ के मुताबिक पूछताछ के बाद रिपोर्ट तैयार की गई है।

बरामद सोना के आभूषण एवं उक्त गिरफ्तार दोनों अभियुक्तों के संबंध में अग्रिम कार्रवाई जबलपुर पुलिस द्वारा की जा रही है। संलिप्त अन्य अपराधियों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।

Read more

Local News