Monday, March 23, 2026

बिल गेट्स गन्नवरम पहुंचे,सीएम नायडू और मंत्रियों संग स्वास्थ्य, शिक्षा और कृषि पर बड़ी चर्चा करेंगे.

Share

विजयवाड़ा: माइक्रोसॉफ्ट के सह-संस्थापक और बिल एंड मेलिंडा गेट्स फाउंडेशन के अध्यक्ष बिल गेट्स सोमवार को आंध्र प्रदेश के दौरे पर विजयवाड़ा पहुंचे. गन्नवरम हवाई अड्डे पर उतरने के बाद, आंध्र प्रदेश सरकार के मंत्रियों और वरिष्ठ अधिकारियों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया.

कोहरे के कारण विमान की लैंडिंग में देरी
बिल गेट्स की यात्रा की शुरुआत में थोड़ी बाधा आई. भारी कोहरे और कम दृश्यता के कारण उनके विशेष विमान को लैंडिंग में कठिनाई हुई. सुरक्षा कारणों से विमान को कुछ समय तक हवा में ही चक्कर काटना पड़ा. मौसम साफ होने और एटीसी से अनुमति मिलने के बाद ही विमान सुरक्षित रूप से रनवे पर उतर सका.

मंत्रियों ने किया स्वागत
हवाई अड्डे पर आईटी और संचार मंत्री नारा लोकेश, गृह मंत्री वंगलापुड़ी अनिता, कृषि मंत्री के. अच्चन्नायडू और स्वास्थ्य मंत्री सत्य कुमार यादव ने बिल गेट्स की अगवानी की. इस दौरान जिला कलेक्टर और अन्य वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहे. हवाई अड्डे पर औपचारिक स्वागत के बाद, गेट्स का काफिला सीधे अमरावती स्थित राज्य सचिवालय के लिए रवाना हुआ.

सचिवालय में उच्च स्तरीय बैठकें
बिल गेट्स के साथ उनके फाउंडेशन के छह प्रतिनिधियों का एक दल भी आया है. सचिवालय में वे मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू, उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण और मंत्री नारा लोकेश के साथ द्विपक्षीय चर्चा करेंगे.

इस यात्रा का मुख्य आकर्षण रियल टाइम गवर्नेंस सेंटर (RTGS) का दौरा है. मुख्यमंत्री नायडू स्वयं बिल गेट्स को आरटीजीएस की कार्यप्रणाली और इसके माध्यम से शासन में लाए गए पारदर्शी बदलावों के बारे में जानकारी देंगे.

शिक्षा, स्वास्थ्य और कृषि पर चर्चा
बैठक के दौरान राज्य सरकार और गेट्स फाउंडेशन के बीच शिक्षा, स्वास्थ्य और कृषि जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा होगी. विशेष रूप से, डिजिटल स्वास्थ्य रिकॉर्ड और ग्रामीण स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार. किसानों के लिए आधुनिक तकनीक और ड्रोन के उपयोग को बढ़ावा देना. सरकारी स्कूलों में तकनीकी नवाचारों को लागू करना होगा

मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू और बिल गेट्स के बीच यह मुलाकात राज्य में भविष्य के निवेश और कल्याणकारी परियोजनाओं के लिए बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है. बिल गेट्स ने भी आंध्र प्रदेश सरकार के तकनीकी दृष्टिकोण की सराहना की है.

Table of contents [hide]

Read more

Local News