पटना: बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने चुनाव प्रचार तेज कर दिया है। सोमवार को पार्टी ने क्षेत्र में भव्य रोड शो आयोजित कर अपनी चुनावी ताकत का प्रदर्शन किया। इस दौरान मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने कार्यकर्ताओं और समर्थकों के साथ जनता का अभिवादन किया।
रोड शो के दौरान बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे। निर्धारित मार्ग पर लोगों ने नेताओं का स्वागत किया, जबकि कई स्थानों पर फूलों की वर्षा कर उनका अभिनंदन किया गया। पूरे कार्यक्रम में चुनावी माहौल और उत्साह देखने को मिला।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने प्रचार रथ से लोगों से संवाद करते हुए पार्टी प्रत्याशी के समर्थन की अपील की। वहीं, राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने भी कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाते हुए चुनाव में संगठन की एकजुटता और सक्रिय भागीदारी पर जोर दिया।
भाजपा नेताओं ने विश्वास जताया कि पार्टी विकास और जनकल्याण के मुद्दों के आधार पर चुनाव मैदान में उतरी है और मतदाताओं का व्यापक समर्थन मिलेगा। पार्टी का कहना है कि आगामी उपचुनाव में जीत सुनिश्चित करने के लिए बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय किया गया है।
बांकीपुर विधानसभा सीट पर चुनाव प्रचार के बीच सभी प्रमुख राजनीतिक दल मतदाताओं तक पहुंचने के लिए जनसंपर्क अभियान और सार्वजनिक कार्यक्रमों का आयोजन कर रहे हैं, जिससे क्षेत्र में चुनावी गतिविधियां लगातार तेज होती जा रही हैं।
