धनबाद: बलियापुर–धनबाद मुख्य सड़क की खराब स्थिति और बारिश के बाद बने जलजमाव को लेकर लोगों का असंतोष बढ़ता जा रहा है। सड़क पर जगह-जगह बने गहरे गड्ढों और उनमें भरे पानी के कारण आम लोगों के साथ वाहन चालकों को भी रोजाना परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इससे दुर्घटनाओं की आशंका भी लगातार बनी रहती है।
इसी मुद्दे को लेकर गुरुवार को झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (JLKM) के नेता आशीष महतो ने समर्थकों के साथ सांकेतिक विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान सड़क पर बने गड्ढों की पूजा-अर्चना कर प्रशासन और जनप्रतिनिधियों का ध्यान सड़क की जर्जर स्थिति की ओर आकर्षित करने का प्रयास किया गया।
आशीष महतो ने कहा कि यह सड़क लंबे समय से मरम्मत की प्रतीक्षा कर रही है, लेकिन अब तक संबंधित विभाग की ओर से कोई प्रभावी पहल नहीं की गई है। उनका आरोप है कि बरसात में गड्ढों में पानी भर जाने के कारण सड़क की वास्तविक स्थिति दिखाई नहीं देती, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा और बढ़ जाता है।
प्रदर्शन में शामिल कार्यकर्ताओं ने प्रशासन से जल्द सड़क की मरम्मत कराने की मांग की। उनका कहना था कि यदि शीघ्र ही सड़क निर्माण या मरम्मत का कार्य शुरू नहीं किया गया तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।
