Wednesday, March 18, 2026

बर्थडे पार्टी मनाने के बहाने युवती के साथ उसके दोस्त और एक अन्य युवक ने गैंगरेप किया….

Share

कोलकाता: पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में एक बार फिर गैंगरेप की घटना सामने आई है. आरोप है कि दक्षिण कोलकाता के हरिदेवपुर थाना क्षेत्र में बर्थडे पार्टी मनाने के नाम पर एक युवती के साथ उसके दोस्त और एक अन्य युवक ने दुष्कर्म किया. घटना के बाद से दोनों आरोपी फरार हैं. वहीं, इस घटना से इलाके में तनाव की स्थिति है.

स्थानीय पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है और पीड़िता के परिवार और अन्य परिचितों से बातचीत कर रहे हैं.

पुलिस सूत्रों के अनुसार, घटना बीते शुक्रवार 5 सितंबर की है. 20 वर्षीय युवती ने आरोप लगाया है कि उस दिन रात 10:45 बजे उसका एक पुरुष मित्र बर्थडे पार्टी के बहाने उसे एक घर में ले गया. जब लड़की वहां पहुंची तो घर पर कोई और आमंत्रित व्यक्ति नहीं दिखा. आरोप है कि इसके बाद, लड़की के मित्र और घर के एक सदस्य ने उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया. लड़की ने पुलिस को बताया कि दोनों आरोपियों ने पूरी रात उसके साथ बेरहमी से दरिंदगी की.

पुलिस ने बताया कि रात भर प्रताड़ित होने के बाद लड़की किसी तरह वहां से भाग निकली और अगली सुबह अपने घर लौटी. उसने अपने परिवार वालों को पूरी घटना बताई. इसके बाद, लड़की और उसके परिवार वालों ने शनिवार को हरिदेवपुर थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई. उनकी शिकायत के आधार पर, पुलिस ने भारतीय दंड संहिता की कई धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है. घटना के बाद से दोनों आरोपियों की तलाश जारी है.

पुलिस ने बताया कि जिस घर में यह घटना हुई, वहां भी जांच चल रही है. यह भी पता लगाया जा रहा है कि पार्टी में कोई और मौजूद था या नहीं या फिर इस घटना में कोई और शामिल है या नहीं. सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है. फिलहाल किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है. पुलिस ने बताया कि फरार दोनों युवकों को पकड़ने के लिए तलाशी अभियान चलाया जा रहा है. कोलकाता पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने नाम न जाहिर करने की शर्त पर कहा, “पूरी घटना की जांच की जा रही है.”

महिलाओं की सुरक्षा पर फिर उठे सवाल
इस घटना के बाद कोलकाता शहर में महिलाओं की सुरक्षा पर फिर से बड़े सवाल उठ रहे हैं! आरजी कर की घटना के बाद जून में कस्बा लॉ कॉलेज में छात्रा के साथ हुए सामूहिक दुष्कर्म को लेकर पूरे राज्य में विरोध प्रदर्शन हुए थे. विपक्ष ने पुलिस पर सवाल उठाए थे.

Read more

Local News