Wednesday, November 4, 2026

बड़गांई लैंड स्कैम: CM की दोनों याचिकाओं पर अब 2 दिसंबर को हाईकोर्ट में सुनवाई

Share

Ranchi News, 4 November 2026: बड़गांई की 8.86 एकड़ जमीन से जुड़े कथित लैंड स्कैम मामले में मुख्यमंत्री की दो याचिकाओं पर बुधवार को झारखंड हाईकोर्ट में सुनवाई हुई। दोनों मामलों में ईडी के जवाब पर प्रतिउत्तर दाखिल करने के लिए मुख्यमंत्री की ओर से समय मांगा गया। इसके बाद हाईकोर्ट ने अगली सुनवाई के लिए 2 दिसंबर की तारीख निर्धारित की।

PMLA कोर्ट के आदेश को दी गई है चुनौती

मुख्यमंत्री की ओर से दायर दोनों याचिकाओं में पीएमएलए कोर्ट के दो आदेशों को चुनौती दी गई है। इनमें एक याचिका डिस्चार्ज पिटीशन खारिज किए जाने के आदेश के खिलाफ है, जबकि दूसरी बिना अभियोजन स्वीकृति के संज्ञान लेने संबंधी आदेश को चुनौती देती है।

बुधवार को सुनवाई के दौरान मुख्यमंत्री की ओर से ईडी के जवाब पर अपना प्रतिउत्तर दाखिल करने के लिए समय मांगा गया। अब दोनों याचिकाओं पर 2 दिसंबर को सुनवाई होगी।

ईडी की जांच में 17 आरोपियों के खिलाफ आरोप गठित

इस कथित जमीन फर्जीवाड़े की जांच के दौरान प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने जेएमएम नेता अंतू तिर्की, आर्किटेक्ट विनोद कुमार सिंह समेत कई जमीन कारोबारियों के ठिकानों पर छापेमारी की थी।

जांच पूरी करने के बाद ईडी ने आरोपियों के खिलाफ पीएमएलए कोर्ट में चार्जशीट दाखिल की। ईडी की विशेष अदालत अंतू तिर्की, आर्किटेक्ट विनोद कुमार सिंह समेत कुल 17 आरोपियों के खिलाफ आरोप गठित कर चुकी है।

इन लोगों के खिलाफ हुआ है आरोप गठन

मामले में जिन लोगों के खिलाफ आरोप गठित किए गए हैं, उनमें राजस्वकर्मी भानु प्रसाद प्रताप, अंतू तिर्की, बिजेंद्र सिंह, बिपिन सिंह, प्रियरंजन सहाय, मनोज कुमार यादव, कुमार राजश्री, राजकुमार पाहन, संजीत कुमार, विनोद कुमार सिंह, शेखर कुशवाहा, तापस घोष, मोहम्मद इरसाद अख्तर, अफसर अली, मोहम्मद सद्दाम हुसैन और मोहम्मद इरसाद शामिल हैं।

बुधवार को सुनवाई के दौरान ईडी की ओर से वरीय अधिवक्ता अमित कुमार दास और अधिवक्ता सौरव कुमार ने पक्ष रखा। अब इस मामले में हाईकोर्ट में अगली सुनवाई 2 दिसंबर को होगी।

BHARATSUPERFASTNEWS

Read more

Local News