बक्सर में डीएम और जिला जज के बाद अब डीडीसी भी महिला हैं। आईएएस निहारिका को यह जिम्मेदारी सौंपी गई है। इस नियुक्ति के साथ, बक्सर जिले में शीर्ष प्रशासनिक पदों पर महिलाओं की नियुक्ति का एक नया अध्याय शुरू हो गया है। निहारिका की नियुक्ति से जिले के विकास कार्यों को और गति मिलने की उम्मीद है।
बक्सर। जिला इस समय महिला नेतृत्व के नए कीर्तिमान गढ़ रहा है। जिलाधिकारी और प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश के बाद अब उप विकास आयुक्त (डीडीसी) का पद भी एक युवा महिला अधिकारी के हाथों में सौंप दिया गया है।
बिहार सरकार के सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार, 2021 बैच की भारतीय प्रशासनिक सेवा की अधिकारी निहारीका छवि को तत्काल प्रभाव से बक्सर का उप विकास आयुक्त-सह-मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी, जिला परिषद् नियुक्त किया गया है।
वह पड़ोस के भोजपुर जिले की ही रहने वाली हैं, जो अब तक सामान्य प्रशासन विभाग में पदस्थापन हेतु प्रतीक्षारत थीं। इनके स्थान पर पूर्व डीडीसी आकाश चौधरी (भा.प्र.से. 2021) का तबादला बेगूसराय कर दिया गया है।
गौरतलब है कि अभी कुछ दिन पहले ही 2018 बैच की आईएएस साहिला को बक्सर का जिलाधिकारी बनाया गया। पटना उच्च न्यायालय ने काजल झांब को एक दिन पहले ही बक्सर का प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश नियुक्त किया है।
जिला पदाधिकारी के तौर पर तो पहले भी यहां महिला की पदस्थापना हो चुकी है, लेकिन उप विकास आयुक्त और प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश के तौर पर पहली बार महिला अधिकारी का पदस्थापन हुआ है।


