फुटबॉल के सबसे बड़े मंच पर क्रिस्टियानो रोनाल्डो के सफर का अंत हो गया. मंगलवार (7 जुलाई) को फीफा वर्ल्ड कप 2026 के राउंड ऑफ 16 मैच में स्पेन ने पुर्तगाल को 1-0 से हराकर टूर्नामेंट से बाहर कर दिया. जिसके साथ रोनाल्डो के वर्ल्ड कप जीतने का सपना सपना ही रह गया.
डलास स्टेडियम में खेले गए मैच में दोनों टीमों ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया और 90 मिनट तक कोई भी टीम एक भी गोल नहीं कर सकी. लेकिन स्टॉपेज-टाइम में स्पेन के मिकेल मेरिनो ने गोल करके अपनी टीम को क्वार्टर-फाइनल में पहुंचा दिया. जहां उनका मुकाबला बेल्जियम से होगा, जिन्होंने अमेरिका को 4-1 से मात दी.
इस हार के साथ रोनाल्डो के 6 वर्ल्ड कप के करियर का अंत हो गया. मैच से पहले उन्होंने कहा था कि यह उनका आखिरी वर्ल्ड कप होगा. 41 साल के इस खिलाड़ी ने 27 वर्ल्ड कप मैचों में 11 गोल किए और कई रिकॉर्ड बनाए, जिसमें छह अलग-अलग वर्ल्ड कप में गोल करने वाले एकमात्र खिलाड़ी हैं. यह अर्जेंटीना के लियोनेल मेसी (30) के बाद दूसरा सबसे ज्यादा वर्ल्ड कप मैच खेलने वाले खिलाड़ी है, लेकिन उनके कलेक्शन में एक बड़ी ट्रॉफी की कमी रह गई.
‘मैं साफ मन से जा रहा हूं’
मौजूदा टूर्नामेंट में रोनाल्डो ने तीन गोल किए – उज्बेकिस्तान के खिलाफ पुर्तगाल की 5-0 की शानदार जीत में दो गोल और अपना पहला वर्ल्ड कप नॉकआउट गोल (एक पेनल्टी) जिससे पुर्तगाल ने ‘लास्ट 32’ में क्रोएशिया को हराया.
मैच के बाद उन्होंने से कहा, ‘मैं ठीक हूं, लेकिन इस तरह वर्ल्ड कप से बाहर होने का दुख है. जैसा कि मैंने कल प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा था, मैंने अपना बेस्ट दिया और मैं साफ मन से जा रहा हूं. एक फुटबॉल खिलाड़ी की जिंदगी ऐसी ही होती है. कभी हम जीतते हैं, कभी हारते हैं और हमें आगे बढ़ते रहना होता है. सच तो यह है कि यह मेरा आखिरी वर्ल्ड कप था, और अब मुझे अपने परिवार के साथ समय बिताने का मौका मिलेगा ताकि मैं जल्दबाजी में कोई फैसला न लूं.’

रोनाल्डो का वर्ल्ड कप करियर
41 साल के रोनाल्डो ने पहली बार जर्मनी में 2006 वर्ल्ड कप में हिस्सा लिया था. उन्होंने ईरान के खिलाफ टूर्नामेंट का अपना पहला गोल किया और पुर्तगाल को 40 साल में पहली बार सेमीफाइनल तक पहुंचाया. इसके बाद उन्होंने साउथ अफ्रीका 2010, ब्राजील 2014, रूस 2018 और कतर 2022 में भी हिस्सा लिया और हर बार कम से कम एक गोल किया.
उन्होंने आगे कहा, ‘ मैं कल साफ मन से उठूंगा. मैंने पुर्तगाल के लिए तीन टाइटल जीते (एक यूरोपियन चैंपियनशिप और दो UEFA नेशंस लीग). क्रिस्टियानो से पहले, पुर्तगाल ने कभी कोई टाइटल नहीं जीता था. इसलिए, मैं साफ मन से जा रहा हूं. मैंने अपना बेस्ट दिया. कल एक नया दिन होगा, और जिंदगी चलती रहती है.’

