फुटबॉल वर्ल्ड कप 12 जून से शुरू होने जा रहा है. इतिहास में पहली बार इस टूर्नामेंट में 32 टीमों के बजाए 48 टीमों के बीच खेला जाएगा. जो अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल में एक नए दौर की शुरुआत होगी. यह टूर्नामेंट संयुक्त रूप से अमेरिका, कनाडा और मेक्सिको में खेला जाएगा. जो कि अब तक का सबसे बड़ा वर्ल्ड कप भी होगा, जिसमें भाग लेने वाले देशों की संख्या और मैचों की संख्या सबसे ज्यादा होगी.
इस बार वर्ल्ड कप में कुल 104 मैच होंगे, जबकि यह प्रतियोगिता लगभग छह सप्ताह तक चलेगी. टूर्नामेंट में देशों की संख्या के बढ़ने से कई देशों को फायदा भी हुआ, जो एक लंबे अंतराल के बाद इस बहुराष्ट्रीय टूर्नामेंट में वापसी कर रहे हैं. इराक 40 साल बाद इस टूर्नामेंट में लौट रहा है. जबकि स्कॉटलैंड 28 साल बाद अपना पहला वर्ल्ड कप खेलेगा.

फाइनल तक पहुंचने का रास्ता (FIFA 2026 Road to Final)
FIFA 2026 में भाग लेने वाले 48 देशों को चार-चार टीमों के 12 ग्रुप में बांटा गया है. हर टीम ग्रुप-चरण में अपने तीन मैच खेलेगी. हर ग्रुप की शीर्ष दो टीमें, और साथ ही तीसरे स्थान पर रहने वाली 8 सर्वश्रेष्ठ टीमें, नॉकआउट राउंड के लिए क्वालीफाई करेंगी.
उसके बाद 32 टीमें नॉकआउट चरण में प्रवेश करेंगी. जहां पहला नॉकआउट राउंड होगा जिसे ‘राउंड ऑफ 32’ कहा जाएगा. इसके बाद ‘राउंड ऑफ 16’ होगा, फिर क्वार्टर फाइनल, सेमीफाइनल और फाइनल मैच होंगे.
फीफा वर्ल्ड कप 2026 के ग्रुप
- ग्रुप A: मेक्सिको, दक्षिण अफ्रीका, दक्षिण कोरिया, चेक रिपब्लिक
- ग्रुप B: कनाडा, बोस्निया, हर्जेगोविना, कतर, स्विट्जरलैंड
- ग्रुप C: ब्राजील, मोरक्को, हैती, स्कॉटलैंड
- ग्रुप D: अमेरिका, पैराग्वे, ऑस्ट्रेलिया, तुर्की
- ग्रुप E: जर्मनी, कुराकाओ, आइवरी कोस्ट, इक्वाडोर
- ग्रुप F: नीदरलैंड, जापान, स्वीडन, ट्यूनीशिया
- ग्रुप G: बेल्जियम, मिस्र, ईरान, न्यूजीलैंड
- ग्रुप H: स्पेन, काबो वर्डे, सऊदी अरब, उरुग्वे
- ग्रुप I: फ्रांस, सेनेगल, इराक, नॉर्वे
- ग्रुप J: अर्जेंटीना, अल्जीरिया, ऑस्ट्रिया, जॉर्डन
- ग्रुप K: पुर्तगाल, डीआर कांगो, उज्बेकिस्तान, कोलंबिया
- ग्रुप L: इंग्लैंड, क्रोएशिया, घाना, पनामा


