फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉईज ने फरहान अख्तर की फिल्म ‘डॉन 3’ से रणवीर सिंह के अचानक बाहर निकलने के मामले में उनके खिलाफ कड़ा रुख अपनाया है. फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज ने आज एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान अनाउंसमेंट किया कि ‘डॉन 3’ विवाद के चलते उन्होंने रणवीर सिंह पर बैन लगा दिया है.
सोमवार 25 मई को, मुख्य सलाहकार अशोक पंडित, अध्यक्ष बीरेंद्र नाथ तिवारी और मानद महासचिव अशोक दुबे ने फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉईज के इस फैसले के बारे में मीडिया को संबोधित किया.
फेडरेशन के मुख्य सलाहकार अशोक पंडित ने बताया कि फरहान अख्तर और रितेश सिधवानी ने इंडियन फिल्म एंड टेलीविजन डायरेक्टर्स एसोसिएशन में रणवीर सिंह के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी. इस दौरान रितेश सिधवानी खुद आकर उनसे मिले, जबकि फरहार अख्तर वीडियो कॉल के जरिए मीटिंग में शामिल हुए. उन्होंने फेडरेशन को ‘डॉन 3’ से जुड़े मौजूदा विवाद और रणवीर के शूटिंग शुरू होने से ठीक तीन हफ्ते पहले ही प्रोजेक्ट छोड़ने के बारे में जानकारी दी.
अशोक ने बताया कि उन्होंने रणवीर को तीन बार खुद आकर मिलने के लिए कहा था, लेकिन उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया. बाद में, जब उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस का अनाउंसमेंट किया गया, तो एक्टर ने उन्हें एक ईमेल भेजा, जिसमें उन्होंने कहा है कि यह मामला उनके अधिकार क्षेत्र में नहीं आता है. अशोक ने इस बात की भी पुष्टि की कि फरहान के प्रोडक्शन हाउस, एक्सेल एंटरटेनमेंट ने रणवीर से हर्जाने के तौर पर 45 करोड़ रुपये की मांग की है.
अशोक पंडित के बाद, फेडरेशन के प्रेसिडेंट बी.एन. तिवारी ने मीडिया से बात की और बताया कि उन्होंने रणवीर सिंह के खिलाफ असहयोग का निर्देश जारी किया है. वहीं, फेडरेशन के एक सदस्य ने कहा कि अब से, चाहे वह स्पॉट बॉय हो, डायरेक्टर हो, कैमरामैन हो या लाइटमैन, कोई भी रणवीर के साथ काम नहीं करेगा.
रणवीर को फरहान अख्तर की फिल्म ‘डॉन 3’ में मुख्य भूमिका निभानी थी. लेकिन, मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, शूटिंग शुरू होने से कुछ हफ्ते पहले ही एक्टर ने फिल्म से बाहर होने का फैसला कर लिया. फरहान और उनके बिजनेस पार्टनर रितेश सिधवानी ने एक्टर के खिलाफ इंडस्ट्री की संस्थाओं में एक आधिकारिक शिकायत दर्ज कराई.
हालांकि अब तक, न तो फरहान और न ही रणवीर ने इस विवाद के बारे में मीडिया से बात की है, और न ही दोनों में से किसी ने FWICE द्वारा रणवीर पर प्रतिबंध लगाने की घोषणा को लेकर कोई बयान दिया है.


