लातेहार, 23 नवंबर 2026: तमिलनाडु में काम करने के दौरान जान गंवाने वाले लातेहार के प्रवासी श्रमिक मंटू तुरी के परिवार को 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी गई है। अंतरराज्यीय प्रवासी मजदूर सर्वेक्षण एवं पुनर्वास योजना के तहत सोमवार को उनके आश्रित पिता संजय तुरी को सहायता राशि का चेक सौंपा गया।
शव को गांव लाने में हुए खर्च के लिए मिली राशि
जानकारी के अनुसार, सदर थाना क्षेत्र के सांसग (कैमा) गांव निवासी मंटू तुरी की 11 नवंबर को तमिलनाडु में मृत्यु हो गई थी। वह वहां मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे।
मामले की जानकारी मिलने के बाद उपायुक्त संदीप कुमार के निर्देश पर श्रम विभाग ने उनके पार्थिव शरीर को तमिलनाडु से पैतृक गांव तक लाने की व्यवस्था की थी। इसी प्रक्रिया में हुए खर्च के एवज में परिवार को 50 हजार रुपये की सहायता दी गई।
अधिकारियों ने सौंपा सहायता चेक
मृतक के पिता संजय तुरी को अपर समाहर्ता सलमान जफर खिजरी और श्रम अधीक्षक दिनेश भगत ने संयुक्त रूप से चेक प्रदान किया। यह सहायता अंतरराज्यीय प्रवासी मजदूर सर्वेक्षण एवं पुनर्वास योजना के तहत दी गई।
श्रमिकों से निबंधन कराने की अपील
इस अवसर पर श्रम अधीक्षक दिनेश भगत ने प्रवासी श्रमिकों से अपील की कि रोजगार के लिए दूसरे राज्यों में जाने से पहले वे श्रम विभाग में अपना निबंधन अवश्य कराएं।
उन्होंने कहा कि निबंधन होने से किसी आपात स्थिति में श्रमिकों और उनके परिजनों को नियमानुसार सरकारी सहायता उपलब्ध कराने में सहूलियत होती है।
