चाईबासा, 12 नवंबर 2026: जापान के आइची-नागोया में आयोजित 5वें पैरा एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीतकर देश का गौरव बढ़ाने वाले झारखंड के पैरा तीरंदाज विजय सुंडी को पश्चिमी सिंहभूम जिला प्रशासन ने सम्मानित किया। गुरुवार को जिला समाहरणालय में आयोजित कार्यक्रम में उपायुक्त मनीष कुमार और पुलिस अधीक्षक अमित रेनू ने संयुक्त रूप से उन्हें सम्मान प्रदान किया।
इस अवसर पर विजय सुंडी को अंगवस्त्र, फलों की टोकरी और स्मृति चिह्न भेंट किया गया। जिला प्रशासन के अधिकारियों ने उनकी शानदार उपलब्धि पर प्रसन्नता जाहिर करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
हरविंदर सिंह के साथ मिलकर जीता था गोल्ड मेडल
विजय सुंडी ने 23 अक्टूबर 2026 को पैरा एशियाई खेलों की पुरुष रिकर्व डबल्स प्रतियोगिता में भारतीय तीरंदाज हरविंदर सिंह के साथ बेहतरीन प्रदर्शन किया था। दोनों खिलाड़ियों ने शानदार तालमेल और खेल कौशल का परिचय देते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया।
उनकी इस उपलब्धि से पश्चिमी सिंहभूम जिले के साथ-साथ पूरे झारखंड का मान बढ़ा है। जिला प्रशासन ने विजय की मेहनत, अनुशासन, प्रतिभा और दृढ़ संकल्प की विशेष रूप से प्रशंसा की।
कोच महेंद्र सिंकु को भी मिला सम्मान
विजय सुंडी की सफलता में अहम भूमिका निभाने वाले उनके कोच महर्षि महेंद्र सिंकु को भी समारोह में सम्मानित किया गया। जिला प्रशासन की ओर से उन्हें स्मृति चिह्न प्रदान कर खिलाड़ी को तैयार करने में उनके योगदान की सराहना की गई।
दिव्यांगजनों और युवाओं के लिए प्रेरणा हैं विजय : DC
उपायुक्त मनीष कुमार ने कहा कि विजय सुंडी की उपलब्धि जिले के युवाओं के साथ-साथ दिव्यांगजनों के लिए भी प्रेरणादायक है। उन्होंने कहा कि विजय ने अपने आत्मविश्वास, निरंतर अभ्यास और मजबूत इच्छाशक्ति के दम पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सफलता हासिल की है।
उन्होंने उम्मीद जताई कि विजय की कामयाबी से जिले के दूसरे युवा भी खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने और अपने सपनों को पूरा करने के लिए प्रेरित होंगे।
SP ने भी की खिलाड़ी की उपलब्धि की सराहना
पुलिस अधीक्षक अमित रेनू ने विजय सुंडी की सफलता को जिले के लिए गौरव का विषय बताया। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक हासिल करना बड़ी उपलब्धि है। इससे स्थानीय प्रतिभाओं को खेलों में बेहतर प्रदर्शन करने की प्रेरणा मिलेगी।
वहीं, उप विकास आयुक्त उत्कर्ष कुमार ने भी विजय सुंडी और उनके कोच महेंद्र सिंकु को बधाई दी तथा उनके बेहतर भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
जिला प्रशासन द्वारा आयोजित इस सम्मान समारोह के माध्यम से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जिले का नाम रोशन करने वाले खिलाड़ी और उनके प्रशिक्षक के योगदान को सराहा गया।
