बोकारोः डुमरी विधायक जयराम महतो चास पहुंचे थे, उसी समय पुष्पा महतो मामले में JLKM नेता रेखा देवी पर पैसा लेने का आरोप सुन कर जयराम महतो भड़क गए और प्रमाण मांगने लगे. वहीं पर मौजूद जो लोग इस वाक्या को मोबाइल से रिकॉर्ड कर रहे थे जयराम उन पर भड़क गए और एक व्यक्ति का मोबाइल छीनकर जमीन पर पटक दिया. इतना ही नहीं वहां पर उनके कार्यकर्ता भी लोगों को वीडियो बनाने से रोक रहे थे.
पुष्पा हत्याकांड में निकाला गया कैंडल मार्च
जयराम महतो जनप्रतिनिधि होने के बावजूद जिस प्रकार से एक महिला से अभद्रता पूर्वक व्यवहार कर रहे थे उसे कहीं से भी सही नहीं ठहराया जा सकता है. चास में स्थानीय महिलाओं एवं लोगों के द्वारा पुष्पा हत्याकांड में कैंडल मार्च निकाला गया था. इस दौरान डुमरी विधायक जयराम महतो भी वहां पहुंच गए.
डुमरी विधायक ने आपा खोया
जयराम महतो को देखते ही वहां एक महिला ने उनसे सवाल कर दिया कि आपके दल JLKM की महिला ने पुष्पा की मां से पुलिस को देने एवं अन्य खर्च के नाम पर ₹10000 ले लिया है. इतना सुनते ही डुमरी विधायक जयराम महतो ने आपा खो दिया और एक युवक जो वहां पर यब सब रिकॉर्ड कर रहा था, उसके हाथ से मोबाइल छीनकर वहीं पटक दिया.
समर्थकों ने भी वीडियो रिकॉर्ड न करने को कहा
इसके बाद वहां पर उनके समर्थकों ने भी लोगों से वीडियो रिकॉर्ड नहीं करने का दबाव बनाया. मामला बढ़ता देख उनके समर्थकों ने जयराम महतो को वहां से हटाते हुए उनको गाड़ी में बैठाकर वापस भेज दिया.
‘पुष्पा महतो हत्या प्रकरण को लेकर डुमरी विधायक जयराम कुमार महतो मृतक की मां का ढांढस बंधाने उनके घर गए थे. वहां पर आजसू के कुछेक नेता भी आए थे. इस दौरान विधायक को घेरकर आजसू की नेता ने कई तरह के प्रश्न दागना शुरू कर दिए. इस दौरान आजसू नेता द्वारा जेएलकेएम की एक नेता पर अर्नगल आरोप लगाया. इसका विरोध विधायक ने किया. वहां भीड़ जमा थी और इसी दौरान कुछ युवकों द्वारा जबरन वीडियो बनाया जाने लगा. इस पर विधायक ने वीडियो बना रहे युवक को ऐसा करने से रोका. कहा कि किसी महिला के चरित्र पर गलत आरोप लगाया जा रहा है और इन आरोपों को रिकॉर्ड किया जाना सही नहीं है. विधायक के मना करने के बाद भी लगातार रिकॉर्डिंग की जा रही थी. इसी बात पर विधायक को गुस्सा आया और मोबाइल पटक दिया. महिला के सम्मान की रक्षा के लिए ही विधायक को मोबाइल पटकना पड़ा.’ मोतीलाल, केंद्रीय उपाध्यक्ष, जेकेएलएम


