Friday, March 27, 2026

पुलिस की कार्रवाई से नाराज भारी संख्या में ट्रैक्टर मालिकों ने खूंटी थाना के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया.

Share

खूंटीः जिला में खूंटी थाना की पुलिस ने मंगलवार को एक खाली और एक बालू लदा ट्रैक्टर जब्त किया. पुलिस की इस कार्रवाई से ट्रैक्टर मालिक आक्रोशित हो गए.

इसी के बाद खूंटी क्षेत्र के करीब एक सौ ट्रैक्टर मालिकों ने खूंटी थाना के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया. ट्रैक्टर मालिकों ने खूंटी थाना प्रभारी मोहन कुमार और इंस्पेक्टर किशुन दास पर बालू परिवहन के नाम पर हर माह प्रति ट्रैक्टर 30 से 35 हजार रुपये की अवैध वसूली का गंभीर आरोप लगाया. ट्रैक्टर मालिकों का कहना है कि इंट्री देने के बाद भी ट्रैक्टर जब्त किए जाते हैं.

झाविमो के पूर्व जिलाध्यक्ष और सामाजिक कार्यकर्ता दिलीप मिश्रा के नेतृत्व में ट्रैक्टर मालिक सुबह-सुबह एसपी आवास पहुंचे और शिकायत दर्ज कराने का प्रयास किया लेकिन एसपी से मुलाकात नहीं हो सकी. इसके बाद वे उपायुक्त से मिलने समाहरणालय पहुंचे. लंबा इंतजार करने के बाद उपायुक्त आर. रॉनिटा ने केवल प्रतिनिधि के रूप में दिलीप मिश्रा से मुलाकात की और पूरी स्थिति की जानकारी ली.

A large number of tractor owners protest against Khunti police station action

इस बाबत उपायुक्त ने प्रभारी एसडीओ अरविंद कुमार ओझा और जिला खनन पदाधिकारी राम नरेश सिंह को ट्रैक्टर मालिकों से बातचीत कर लिखित आवेदन लेने के लिए निर्देशित किया. इसके बाद में दोनों अधिकारियों ने समाहरणालय सभागार में ट्रैक्टर मालिकों से मुलाकात की और उनकी समस्याओं को सुना.

A large number of tractor owners protest against Khunti police station action

ट्रैक्टर मालिकों ने खूंटी पुलिस के खिलाफ खुलकर अवैध वसूली का आरोप लगाते हुए कहा कि वे लोन पर ट्रैक्टर लेकर किसी तरह जीविका चला रहे हैं. इसके बावजूद उन्हें अनावश्यक रूप से परेशान किया जाता है. उन्होंने बालू परिवहन के लिए वैध चालान जारी करने की मांग की ताकि वे निर्भय होकर अपना कार्य कर सकें. इस पर प्रभारी एसडीओ ने कहा कि वे गलत कार्यों का समर्थन नहीं कर सकते. ट्रैक्टर मालिकों को लिखित आवेदन देने की सलाह देते हुए उन्होंने आश्वस्त किया कि सक्षम पदाधिकारी के माध्यम से कार्रवाई की जाएगी.

ट्रैक्टर मालिकों द्वारा लगाए गये आरोपों को लेकर इंस्पेक्टर किशुन दास ने कहा कि अवैध वसूली का आरोप सरासर गलत है. सभी अवैध बालू के कारोबार में लिप्त हैं और खुद को बचने के झूठा आरोप लगा रहे है. खूंटी के थाना प्रभारी मोहन कुमार ने भी आरोपों को मनगढ़ंत बताते हुए कहा कि ट्रैक्टर मालिक चोरी भी करेंगे और सीनाजोरी भी. बालू का अवैध परिवहन करते पाये जाने का कार्रवाई निश्चित की जाएगी. उन्होने बताया कि मंगलवार को दो ट्रैक्टर जब्त किए गए है. जिसमे एक में बालू है और दूसरा बालू लोड करने जा रहा था.

Read more

Local News