Thursday, March 26, 2026

पाकुड़ में रथ मेले के दौरान महिलाओं का एक गिरोह नकली नोट खपा रहा था.

Share

पाकुड़ : जिला मुख्यालय स्थित नगर थाना के सामने एक माह तक लगने वाले रथ मेला में दुकानदारों ने जाली नोट खपाते हुए एक महिला गिरोह की सदस्य को पकड़ लिया. फिर मामले की सूचना पुलिस को दी. सूचना मिलते ही नगर थाना की पुलिस पहुंची और जाली नोट के साथ महिला को गिरफ्तार कर थाना ले आई. महिला से पूछताछ की जा रही है.

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, रथ यात्रा के अवसर पर छोटी राजबाड़ी मैदान में एक माह तक लगने वाले मेले में आधा दर्जन महिलाओं का गिरोह जाली नोट लेकर खिलौना, सौंदर्य प्रसाधन, बर्तन व अन्य दुकानों में खरीदारी कर रहा था. भीड़ के दौरान दुकानदारों को पांच सौ रुपये का नोट देकर खुदरा बिक्री की जा रही थी. इस दौरान एक खिलौना दुकानदार को जैसे ही पांच सौ रुपये का नोट दिया गया तो दुकानदार को संदेह हुआ. जब नोट की जांच की गई तो वह जाली पाया गया.

दुकानदार ने इसकी सूचना मेला समिति, स्थानीय पुलिस व आसपास के दुकानदारों को दी. आसपास के दुकानदार जुट गए तथा महिला को घेर लिया. गिरफ्तार महिला के साथ आये गिरोह के अन्य सदस्य भाग निकले. सूचना मिलते ही नगर थाने की पुलिस पहुंची और महिला के पर्स की जांच की तो उसमें 1700 रुपये का जाली नोट मिला. इस बीच दुकानदार शेख आबेदर रहमान ने थाने में महिला के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज करायी.

मौके पर मौजूद नगर थाने के पुलिस पदाधिकारी ने बताया कि गिरफ्तार महिला को थाने ले जाकर पूछताछ की जायेगी कि महिला के पास जाली नोट कहां से आया और इस गिरोह में कौन-कौन लोग शामिल हैं.

Read more

Local News