Monday, March 16, 2026

पाकिस्तान के प्रधानमंत्री ने एक बार फिर भारत के खिलाफ टी20 वर्ल्ड कप मैच का बहिष्कार करने के फैसले को दोहराया है.

Share

 टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत और पाकिस्तान के बीच महामुकाबला 15 फरवरी को कोलंबो में खेला जाना था. लेकिन पाकिस्तान की सरकार ने रविवार को एक्स पर एक पोस्ट करके भारत के खिलाफ ग्रुप मैच खेलने से मना करके सबको हैरान कर दिया. हालांकि उस समय पाकिस्तान की तरफ से इसकी कोई वजह नहीं बताई गई थी.

पाकिस्तान सरकार के फैसले के तुरंत बाद, अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने एक बयान जारी कर कहा कि चुनिंदा भागीदारी एक वैश्विक खेल आयोजन के मूल आधार के लिए उचित नहीं है और उसे उम्मीद है कि PCB एक पारस्परिक रूप से स्वीकार्य समाधान तलाशेगा जो सभी हितधारकों के हितों की रक्षा करे.

बॉयकॉट का कारण
अब एक बार फिर पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने इस बात को दोहराया है. लेकिन इस बार उन्होंने इस फैसले की वजह भी बताई है. पाकिस्तान के पीएम ने इस्लामाबाद में कैबिनेट को संबोधित करते हुए कहा, ‘हमने टी20 वर्ल्ड कप के बारे में सावधानीपूर्वक मूल्यांकन के बाद एक स्पष्ट रुख अपनाया है कि हम भारत के खिलाफ मैच नहीं खेलेंगे. इस फैसले का कारण बताते हुए उन्होंने कहा कि खेल का मैदान राजनीति के लिए नहीं होना चाहिए. हम बांग्लादेश के साथ खड़े हैं और यह एक उचित निर्णय है.’

PCB ने ICC को नहीं किया सूचित
हालांकि पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने अभी तक अपने सरकार के इस फैसले को आधिकारिक तौर पर आईसीसी को नहीं बताया है. जिसकी वजह से भारत और पाकिस्तान के मैच को लेकर असमंजस बना हुआ है. ये भी रिपोर्ट हुआ है कि पीसीबी इस फैसले को आधिकारिक तौर से आईसीसी को भेजने से इनकार कर रहा है. अगर पीसीबी ऐसा नहीं करता है तो फिर भारतीय टीम 15 फरवरी को कोलंबो जाएगी.

जहां सूर्यकुमार यादव की टीम मैच से पहले मैदान पर भी पहुंचेगी. अगर पाकिस्तान की टीम के कप्तान सलमान अली आगा टॉस के समय नहीं आते हैं तो फिर मैच रेफरी भारत को वॉकओवर देगा, और भारत को दो अंक मिलेंगे. अगर भारतीय टीम कोलंबो नहीं जाती है और पाकिस्तान की भी टीम मैदान पर नहीं आती है तो फिर दोनों टीमों को एक-एक अंक मिलेगा.

ग्रुप A में भारत पाकिस्तान
बता दें की भारत और पाकिस्तान को ग्रुप A में नामीबिया, नीदरलैंड और USA के साथ रखा गया है. भारत टूर्नामेंट में अपने अभियान की शुरुआत 7 फरवरी को अमेरिका के खिलाफ मैच से करेगा, जबकि पाकिस्तान अपना पहला मैच नीदरलैंड के खिलाफ सात फरवरी को श्रीलंका में खेलेगा.

टी20 वर्ल्ड कप में टीम इंडिया स्क्वाड
सूर्यकुमार यादव (कप्तान), अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, संजू सैमसन, शिवम दुबे, ईशान किशन, हार्दिक पांड्या, अर्शदीप सिंह, जसप्रित बुमरा, हर्षित राणा, वरुण चक्रवर्ती, कुलदीप यादव, एक्सर पटेल, वाशिंगटन सुंदर, रिंकू सिंह.

टी20 वर्ल्ड कप में पाकिस्तान का स्क्वाड
सलमान अली आगा (कप्तान), अबरार अहमद, बाबर आजम, फहीम अशरफ, फखर जमान, ख्वाजा मोहम्मद नफे (विकेटकीपर), मोहम्मद नवाज, मोहम्मद सलमान मिर्जा, नसीम शाह, साहिबजादा फरहान (विकेटकीपर), सईम अयूब, शाहीन शाह अफरीदी, शादाब खान, उस्मान खान, उस्मान तारिक.

Read more

Local News