लाहौर: पाकिस्तान और ऑस्ट्रेलिया के बीच आज (29 जनवरी) से तीन टी20 मैचों की सीरीज शुरू होने जा रही है. पहला मैच लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में खेला जाएगा, जो भारतीय समय के अनुसार शाम 4:30 बजे शुरू होगा. इस मैच के लिए ऑस्ट्रेलिया ने अपनी प्लेइंग-11 का ऐलान दो घंटा पहले ही कर दिया है.
टीम की कप्तानी ट्रेविस हेड करेंगे, क्योंकि उनके नियमित कप्तान मिशेल मार्श को रविवार को बिग बैश लीग (BBL) फाइनल में पर्थ स्कॉर्चर्स की जीत के बाद आराम दिया गया है. जबकि तीन खिलाड़ी महली बियर्डमैन, जैक एडवर्ड्स और मैथ्यू रेनशॉ पहली बार टी20 इंटरनेशनल मैच खेलेंगे.
खास बात ये है कि ये तीनों डेब्यू करने वाले खिलाड़ी T20 वर्ल्ड कप के लिए ऑस्ट्रेलिया की टीम का हिस्सा नहीं हैं. इनको पैट कमिंस, जोश हेजलवुड, टिम डेविड और नाथन एलिस की वजह से स्क्वाड में चुना गया, जो कि चोट से उबर रहे हैं और ये खिलाड़ी सीधा वर्ल्ड कप स्क्वाड में शामिल होंगे.
मैथ्यू रेनशॉ
नंबर चार पर बल्लेबाजी करने वाले रेनशॉ ने ब्रिसबेन हीट के लिए एक मजबूत कैंपेन खेला, जिसमें पर्थ स्कॉर्चर्स के खिलाफ रिकॉर्ड 258 रन के चेज में उनका पहला BBL शतक शामिल था. बाएं हाथ के इस बल्लेबाज, जिनके पास 14 टेस्ट और तीन वनडे कैप हैं, अब सभी फॉर्मेट के अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी बन गए हैं.
जैक एडवर्ड्स
ऑलराउंडर एडवर्ड्स ने BBL15 में गेंद से प्रभावित किया और 19 विकेट लेकर प्रतियोगिता में दूसरे सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज बने. उन्होंने पहली बार 18 साल की उम्र में न्यू साउथ वेल्स के लिए वन-डे कप शतक बनाकर सुर्खियां बटोरीं और तब से राज्य की शेफील्ड शील्ड टीम के कप्तान बन गए हैं.
महली बियर्डमैन
20 साल के तेज गेंदबाज बियर्डमैन को 2024 में ऑस्ट्रेलिया की अंडर-19 वर्ल्ड कप जीत में अहम भूमिका निभाने के बाद पहली सीनियर कैप मिली है. इस दाएं हाथ के तेज गेंदबाज ने 140 किमी प्रति घंटे से ऊपर की लगातार गेंदों से अपनी गति का प्रदर्शन किया और इस सीजन में पर्थ स्कॉर्चर्स के लिए 11 मैचों में 13 विकेट लिए.
दोनों टीमों के बीच खेली जाने वाली यह सीरीज 7 फरवरी से भारत और श्रीलंका में होने वाले T20 वर्ल्ड कप से पहले ऑस्ट्रेलिया के लिए अहम तैयारी मानी जा रही है.
ऑस्ट्रेलिया प्लेइंग इलेवन
ट्रेविस हेड (कप्तान), मैथ्यू शॉर्ट, कैमरून ग्रीन, मैथ्यू रेनशॉ, कूपर कॉनोली, मिशेल ओवेन, जोश फिलिप, जैक एडवर्ड्स, जेवियर बार्टलेट, एडम जम्पा, महली बियर्डमैन.


