पश्चिम एशिया में तनाव कम होने की नई उम्मीदों के बीच शुक्रवार को भारतीय सर्राफा बाजार में सोने और चांदी की कीमतों में जबरदस्त तेजी देखी गई. दोनों कीमती धातुओं में 3 प्रतिशत तक का उछाल दर्ज किया गया, जिससे निवेशकों को पिछले सत्र की भारी गिरावट से बड़ी राहत मिली है.
MCX पर कीमतों का हाल
मल्टी कमोडिटी एक्सचें पर अप्रैल वायदा सोने की कीमतों में सुबह के सत्र में जोरदार तेजी आई. सुबह करीब 10:45 बजे सोना 2.30 प्रतिशत या 3,348 रुपये की बढ़त के साथ 1,48,302 रुपये प्रति 10 ग्राम के इंट्रा-डे हाई पर पहुंच गया. हालांकि, सत्र के दौरान इसमें कुछ उतार-चढ़ाव देखा गया और यह 1,47,534 रुपये के स्तर पर कारोबार करता नजर आया.
चांदी की चमक सोने से भी अधिक रही. मई वायदा चांदी की कीमतों में 3.68 प्रतिशत यानी 8,540 रुपये की भारी तेजी देखी गई, जिससे भाव 2,40,000 रुपये प्रति किलोग्राम के स्तर को छू गया. पिछले सत्र में चांदी गिरकर 2.20 लाख रुपये के करीब पहुंच गई थी, जहां से इसने शानदार रिकवरी की है.
अंतरराष्ट्रीय बाजार की स्थिति
वैश्विक बाजारों में भी तेजी का रुख रहा. कोमेक्स पर सोना 2.40 प्रतिशत बढ़कर 4,716 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया, जबकि चांदी 3.61 प्रतिशत की बढ़त के साथ 73.78 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रही थी.
मोतीलाल ओसवाल फाइनेंशियल सर्विसेज के कमोडिटी विश्लेषक मानव मोदी के अनुसार, सोने की कीमतों में आज स्थिरता और रिकवरी देखी गई है, लेकिन साप्ताहिक आधार पर यह अभी भी पिछले छह वर्षों की सबसे खराब गिरावट की ओर बढ़ रहा है. उन्होंने बताया कि हालिया गिरावट का मुख्य कारण अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच बढ़ते संघर्ष से उपजी मुद्रास्फीति (महंगाई) की चिंताएं और ब्याज दरों में कटौती की कम होती उम्मीदें थीं.
डॉलर इंडेक्स में मजबूती और अमेरिकी ट्रेजरी यील्ड में बढ़ोतरी ने सोने की ‘सुरक्षित निवेश’ वाली मांग पर दबाव बनाया है. साथ ही, कच्चे तेल की ऊंची कीमतों ने महंगाई की चिंता को और बढ़ा दिया है.
बाजार विशेषज्ञों के मुताबिक, MCX पर सोने के लिए 1,47,000 रुपये का स्तर एक मजबूत सपोर्ट (सहारा) बना हुआ है. ऊपर की ओर 1,50,000 से 1,52,000 रुपये के बीच प्रतिरोध देखा जा सकता है. वहीं, चांदी के लिए 2,33,000 रुपये का सपोर्ट और 2,43,000 से 2,46,000 रुपये का रेजिस्टेंस लेवल अहम होगा.


