पलामू: रांची से वाराणसी तक भारत माला प्रोजेक्ट के तहत नेशनल हाइवे 39 का निर्माण कार्य किया जा रहा है. इसी कड़ी में नेशनल हाइवे 39 पर पलामू के ब्रह्मोरिया में फ्लाइओवर में दरार की खबर निकल कर सामने आई है. फ्लाइओवर में दरार के मामले की नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया की हाई लेवल कमेटी जांच करेगी.
पलामू सांसद ने एनएचएआई के चेयरमैन से मुलाकात कर दी जानकारी
पलामू सांसद विष्णुदयाल राम की तरफ से जांच की जानकारी साझा की गई है और पुष्टि की गई है. दरअसल पलामू सांसद विष्णुदयाल राम ने नेशनल हाईवे 39 के मुद्दों को लेकर नेशनल हाइवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया के चेयरमैन संतोष कुमार यादव से मुलाकात की और फ्लाईओवर में आए दरार समेत कई बिंदुओं की जानकारी दी.

जोरकट टोल के आसपास के लोगों को पास वितरित करे एनएचएआई: सांसद
फ्लाइओवर में आई दरार की नेशनल हाइवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया जांच करेगी और इससे संबंधित एक रिपोर्ट तैयार करेगी. रिपोर्ट के बाद मामले में कर्रवाई किया जाएगा. इस मुलाकात के दौरान पलामू सांसद विष्णुदयाल राम ने चेयरमैन से जोरकट टोल प्लाजा के 20 किलोमीटर के दायरे में रहने वाले लोगों को कैंप लगाकर पास वितरण करने की मांग किया है.
पलामू में एनएचएआई से दो और फ्लाइओवर निर्माण की मांग
पलामू सांसद ने पलामू के पोखराहा और जोड़ में फ्लाइओवर निर्माण की मांग की है. दोनों जगह पर दुर्घटना की आशंका बनी हुई है. पोखराहा और जोड़ में नेशनल हाइवे के बीच से मुख्य सड़क गुजरती है. नेशनल हाइवे 39 लोहड़ा, सिंगरा और चियांकी में नेशनल हाइवे का निर्माण कार्य अधूरा है, जिसे जल्द से जल्द पूरा करने की मांग की है.


